राजसमंद में चल रहे शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने देवगढ़ क्षेत्र में फूड सैंपल लिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार बिंदल के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल ने देवगढ़ स्थित होटल श्री राम पैलेस का निरीक्षण किया। 5 किलो खराब मावा, ब्रेड, टोस्ट भी सड़े मिले निरीक्षण के दौरान होटल में करीब 5 किलोग्राम बदबूदार एवं खराब मावा तथा लगभग 20 किलोग्राम ब्रेड, टोस्ट, अचार और सॉस एक्सपायरी पाए गए। टीम ने मौके पर ही इन सभी खाद्य पदार्थों को नष्ट करवाया। साथ ही उपयोग में लिए जा रहे तेल का नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जांच के लिए लिया गया। सभी नमूनों को जांच हेतु जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला उदयपुर भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेमचंद शर्मा, प्रशिक्षु अधिकारी जितेंद्र डांगी एवं सहायक महेंद्र सिंह शामिल रहे। इसके साथ ही “ईट राइट स्कूल” अभियान के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पसुंद में विद्यार्थियों को सुरक्षित आहार, लेबल पढ़ने और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई।