टोंक के मालपुरा में खाद्य विभाग की टीम ने बाजार में कुछ दुकानों पर जाकर खाद्य वस्तुओं के नमूने लिए। मालपुरा बस स्टैंड पर आनंद पवित्र भोजनालय पर निरीक्षण में कमियां पाई गईं, जिन्हें सुधार का नोटिस जारी किया गया है। यहां से पनीर का सैंपल लिया गया। वहीं रूपा एजेंसीज से मैगी नूडल्स के नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. मदन लाल गुर्जर ने मालपुरा के तिलक बाल विद्या मंदिर सीनियर सैकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को सुरक्षित और पौष्टिक खान-पान का महत्व बताया। साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान करने की भी जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया। डॉ. मदन लाल गुर्जर ने कहा- सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में जागरूकता गतिविधियों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। सीएमएचओ डॉ. शैलेंद्र सिंह चौधरी ने बताया- सही खान-पान, स्वस्थ राजस्थान अभियान का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करना और खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोक लगाना है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों एवं स्वच्छता नियमों की पालना सुनिश्चित करने और आमजन से खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता एवं पैकेट पर अंकित जानकारी की जांच करने की अपील की।
