शारदीय नवरात्रि कल से है। ऐसे में सीकर में जीणमाता का नवरात्रि मेला भी कल से शुरू हो जाएगा। कल मंदिर में सुबह 9:15 बजे घट स्थापना होगी। इसके बाद 9 दिन तक मेला चलेगा। जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने के लिए आएंगे। जीणमाता मंदिर ट्रस्ट के पुजारी भवानीशंकर ने बताया कि कल सुबह 9:15 बजे मंदिर में घट स्थापना होगी। कल से पंचमी तक मंदिर सुबह 4 से रात 10 बजे तक खुला रहेगा। इसके बाद नवमी तक 24 घंटे मंदिर दर्शनों के लिए खुला रहेगा। माता के श्रृंगार के लिए इस बार कन्नौज, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली से फूल मंगवाए गए हैं। कल नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री के अवतार में अपने श्रद्धालुओं को दर्शन देगी। मंदिर ट्रस्ट के द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी, करीब 1 दर्जन व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मंदिर ट्रस्ट की तरफ से करीब 125 प्राइवेट गार्ड सुरक्षा के लिए लगाए गए हैं। इधर सीकर पुलिस के द्वारा भी मिले को देखते हुए 500 पुलिसकर्मी मेले की ड्यूटी के लिए लगाए गए हैं। जो अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे। मेले के दौरान चैन स्नेचिंग जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सादा वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जीणमाता थाना SHO राकेश कुमार मीणा ने बताया कि मेले के दौरान कस्बे में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से निषेध रहेगा। मेले के दौरान रैवासा से आने वाले वाहनों की पार्किंग सीकर रोड पर 2 जगह की गई है। इसके अलावा कोछोर,दांता और हर्ष की तरफ से आने वाले वाहनों की पार्किंग उसी रूट पर कस्बे में प्रवेश से पहले की गई है।
