Pali Election : पाली नगर निगम महापौर चुनाव में कांग्रेस की करारी शिकस्त के बाद पार्टी में शुरू हुई खींचतान अब जयपुर तक पहुंच गई है। महापौर पद पर भाजपा के कब्जे और कांग्रेस की आधिकारिक प्रत्याशी सुमित्रा जैन को महज तीन वोट मिलने के बाद उठे सवालों के बीच शुक्रवार को पार्टी के दो गुट प्रदेश स्तरीय जांच कमेटी के सामने पहुंचे। कांग्रेस पदाधिकारियों ने चुनाव के घटनाक्रम की तथ्यात्मक रिपोर्ट पेश की, वहीं कांग्रेस से बगावत कर महापौर का चुनाव लड़ने वाली राजबाला हिंगड़ के साथ 29 पार्षदों ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ताओं में निर्दलीय पार्षद भी शामिल बताए गए हैं। ऐसे में पाली कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई अब प्रदेश नेतृत्व के सामने खुलकर आ गई है।
