करौली के रीको (औद्योगिक) क्षेत्र में मंगलवार को एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। समय रहते सूचना मिलने और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। आग की लपटें उठती देख आसपास स्थित फैक्ट्री संचालकों ने तुरंत फायर स्टेशन और कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही करौली नगर परिषद की अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड वाहन संख्या RJ14GN9841 के साथ चालक सूरज डागर तथा फायरमैन पुष्पेंद्र शर्मा, लोकेश गुर्जर और मूलीबाई मीना ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। टीम की त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से रोका जा सका, जिससे आसपास के औद्योगिक प्रतिष्ठानों को बड़े नुकसान से बचाया गया। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के कनिष्ठ अभियंता मानवेंद्र सिंह के अनुसार, ट्रांसफार्मर में आग लगने का कारण लाइन में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि एक दिन पूर्व भी इसी क्षेत्र में शॉर्ट सर्किट के कारण ट्रांसफार्मर में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें नुकसान हुआ था। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक संभावित बड़ी दुर्घटना को टाला जा सका।