जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जवाजा थाना क्षेत्र में 45.420 किलोग्राम डोडा चूरा जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। यह कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेंज राजेन्द्र सिंह (IPS) के आदेश और जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा और वृताधिकारी राजेश कसाना के सुपरविजन में डीएसटी टीम प्रभारी विजय सिंह उप निरीक्षक और पुलिस थाना जवाजा टीम ने संयुक्त रूप से इसे अंजाम दिया। पुलिस टीम दूदपुरा-सूरजपुरा रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध अल्टो कार को रुकने का इशारा किया गया। ड्राइवर ने पुलिस को देखकर वाहन की गति बढ़ा दी और उसे जंगल की ओर भगा ले गया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी कार को जंगल में छोड़कर घनी झाड़ियों में फरार हो गए। काफी प्रयासों के बावजूद दोनों आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका। जांच के दौरान कार में प्लास्टिक के कट्टों और कपड़े के बोरों में भरा 45.420 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। इसके साथ ही वाहन में दो अलग-अलग नंबर प्लेट भी मिलीं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। इस संबंध में पुलिस थाना जवाजा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।