बांसवाड़ा के घाटोल उपखंड क्षेत्र के नरवाली कस्बे में मंगलवार देर रात ऑटो पार्ट्स की दुकान में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। दुकान के अंदर रखे 2 वाहन और लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। नरवाली स्थित पायल ऑटो पार्ट्स की दुकान में देर रात करीब 1 बजे अचानक आग लग गई। दुकान मालिक राजेंद्र पांचाल की इस दुकान में आग ने पूरे गैराज को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान के अंदर ड्रम में ऑयल रखा होने के कारण आग तेज हो गई। ग्राहक का टेंपो, मालिक का ट्रैक्टर जला हादसे की सूचना मिलने के करीब 40 मिनट बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। तब तक आग काफी फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में गैराज में मरम्मत के लिए खड़ा एक ग्राहक का टेंपो और मालिक का खुद का ट्रैक्टर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। व्यापारी राजेंद्र पांचाल के अनुसार, आगजनी की इस घटना में करीब 35 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। दुकान में रखा ऑटो पार्ट्स का कीमती स्टॉक और अन्य मशीनरी पूरी तरह नष्ट हो गई है। नरवाली चौकी प्रभारी जगदीश प्रसाद ने बताया की गेराज के बाहर लगे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से आग लगीं थी व केबल से आग गैरेज में पहुंच गई जिससे यह हादसा हुआ है।
