शिवगंज तहसीलदार आशुराम राणा ने बुधवार को पुराना राजमार्ग थाने के पास संचालित अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं भोजन चखा, उसकी गुणवत्ता जांची और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और वितरण व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने रसोई में साफ-सफाई और खाना बनाने की प्रक्रिया का भी गंभीरता से अवलोकन किया। तहसीलदार राणा ने मौके पर ही भोजन चखकर स्वाद और गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने रसोई संचालक को राज्य सरकार के मानकों का सख्ती से पालन करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि स्वच्छता और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान लाभार्थियों से सीधे संवाद कर योजना के संबंध में प्रतिक्रिया भी ली गई। तहसीलदार राणा ने इस योजना को गरीब और जरूरतमंदों के लिए जीवनरेखा बताया, जिसमें सेवा भाव और मानवीय दृष्टिकोण अनिवार्य रूप से झलकना चाहिए। अंत में उन्होंने रसोई परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
