फरीदकोट जिले में पिछले एक सप्ताह के दौरान बेमौसमी बारिश और कई स्थानों पर हुई ओलावृष्टि के कारण गेहूं की फसल को व्यापक स्तर पर नुकसान पहुंचा है। बारिश और ओलावृष्टि की चपेट में आए गांव बेगूवाला में भी किसानों की खेतों में खड़ी फसल पूरी तरह से तबाह हो गई है। इस संबंध में प्रभावित किसानों ने सरकार और प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। गांव के किसान मंगत राय, राजिंदर कुमार, परमजीत सिंह और विजय कुमार ने बताया कि बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि के कारण उनकी गेहूं की फसल बुरी तरह प्रभावित हुई है। किसान बोले- कटाई पर ज्यादा खर्च, पैदावार कम किसानों ने कहा कि फसल की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि इसकी कटाई पर जितना खर्च आएगा, उतनी पैदावार भी नहीं निकल पाएगी। बारिश के कारण न केवल उत्पादन घटा है, बल्कि फसल से भूसा (तूड़ी) मिलने की संभावना भी बेहद कम हो गई है। उन्होंने बताया कि किसान छह महीने तक फसल को अपने बच्चों की तरह पालते हैं, लेकिन प्राकृतिक आपदा उनके सभी सपनों को चकनाचूर कर देती है। इस बार हुए नुकसान के कारण उन्हें अपना कर्ज चुकाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। बैंकों के कर्ज व लिमिट में भी राहत प्रदान करें – किसान इस मौके पर प्रभावित किसानों ने कहा कि ज्यादातर किसानों द्वारा ठेके पर जमीन लेकर खेतीबाड़ी की जा रही है और इस बार की बारिश ने उनकी कमर तोड़ कर रख दी। उन्होंने मांग रखी कि सरकार जल्द से जल्द खराब हुई फसल की गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा दे। ताकि वे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी को आगे बढ़ा सकें। इसके अलावा किसानों ने सरकारी बैंकों के कर्ज और क्रेडिट लिमिट में भी राहत देने की अपील की है।
