तरनतारन शहर के व्यस्त क्षेत्र अड्डा बाजार में शुक्रवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पिस्तौलधारी युवकों ने एक जूते की दुकान के मालिक पर हमला कर दिया। दुकानदार की बहादुरी और स्थानीय दुकानदारों की मुस्तैदी से एक हमलावर को वारदात में इस्तेमाल हथियार के साथ रंगे हाथों दबोच लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। मिली जानकारी के अनुसार, अड्डा बाजार में जूते की दुकान चलाने वाले गुरदेव सिंह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक पिस्तौल लेकर दुकान में दाखिल हुए और गुरदेव सिंह से बहस करने लगे। स्थिति बिगड़ते देख जैसे ही एक युवक ने पिस्तौल निकालकर तानने की कोशिश की, दुकानदार गुरदेव सिंह ने बिना डरे उसे काबू में करने के लिए पकड़ लिया। दुकान से बाहर तक चली हाथापाई, दागीं दो गोलियां दोनों के बीच दुकान के अंदर शुरू हुई हाथापाई लड़ते-लड़ते सड़क तक आ पहुंची। गुरदेव सिंह का शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। खुद को घिरता देख आरोपियों में से एक ने गोलीबारी कर दी और इस दौरान दो गोलियां चलाई गईं। हालांकि, दुकानदारों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए हमलावर युवक को मौके पर ही पिस्तौल समेत दबोच लिया। पकड़े गए हमलावर की पहचान नानकसर निवासी राहुल के रूप में हुई है। हाथापाई के दौरान आई चोटों के कारण उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसका दूसरा साथी बुघा निवासी आकाश मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने दर्ज किया मामला, दूसरे आरोपी की तलाश जारी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुकानदारों ने पकड़े गए आरोपी राहुल को हथियार समेत पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पिस्तौल के साथ हिरासत में ले लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। डीएसपी ने आश्वासन दिया कि फरार आरोपी आकाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और उसे भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। व्यस्त बाजार में हुई इस घटना से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है।