जिला गुरदासपुर के अधीन आते कस्बा घुमाण में पुलिस कार्रवाई से नाराज पिता-पुत्र हाई वोल्टेज तारों के टावर पर चढ़ गए। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने भी उन्हें नीचे उतरने को कहा। लेकिन, दोनों पिता-पुत्र टावर पर डटे रहे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी पिता-पुत्र को नीचे उतरने की बात कही पर वे दोनों अपनी जिद पर अड़े रहे।
दोनों का पहचान गांव शैलोवाल निवासी हरमन सिंह और उसके पिता हरदेव सिंह के तौर पर हुई है। जोकि,सुबह करीब 9 बजे श्री हरगोबिंदपुर रोड स्थित दाना मंडी के पास से गुजर रही हाई वोल्टेज तारों के टावर पर जा चढ़े। 6 साल से इंसाफ के लिए भटक रहे
टावर पर चढ़े शैलोवाल निवासी हरमन सिंह और उसके पिता हरदेव सिंह ने बताया कि वे पिछले 6 सालों से अपने साथ हुई धक्के-शाही और भाई के कत्ल के मामले में इंसाफ पाने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि 2021 में कुछ लोगों ने थोड़ी सी जमीन के बदले उनके पेपर देने गए बेटे को जान से मार दिया था। लेकिन, कई बार पुलिस को शिकायतें देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। इंसाफ मिलने की बजाय दूसरी पार्टी के राजनीतिक दबाव और पुलिस की मिलीभगत से उन्हें जानबूझकर अन्य झूठे मुकदमों में फंसाने की कोशिश कर रही है। भाई को हिरासत में लेने का आरोप
हरमन सिंह ने कहा कि पुलिस ने आज तड़के 7 बजे उसके 18 साल के छोटे भाई शमशेर को घर से उठा लिया। जब उन्होंने पुलिस से इस बाबत जानकारी लेनी चाही तो पुलिस ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। हरदेव सिंह ने शक जताया कि पुलिस ने किसी नाजायज मामले (पर्चे) में उन्हें नामजद किया है और इसी कारण उसके बेटे को उठाया है। इंसाफ न मिला तो देंगे जान – हरदेव सिंह
टावर पर बैठे हरमन सिंह और उसके पिता हरदेव सिंह ने स्पष्ट कहा कि जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिलता। उनके बेटे के कातिलों की जमानत रद्द नहीं की जाती और उन पर दर्ज किए मामले रद्द नहीं किए जाते।
इसके अलावा उनके बेटे को रिहा नहीं किया जाता वे नीचे नहीं उतरेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने उनकी सुनवाई नहीं की वे मरने के लिए मजबूर होंगे। एएसआई पर भी लगाए आरोप
टावर पर बैठे हरमन सिंह और उसके पिता हरदेव सिंह ने कहा कि सिंबल चौकी का एक एएसआई उनके साथ रंजिश पालता है। उसी ने उनके बेटे को सुबह 7 बजे घर से उठाया है। उन्होंने कहा कि उनके बेटे के कातिल उन्हें धमकियां दे रहे हैं। पुलिस उनकी जमानत रद्द करे।
परिवार को पुलिस प्रोटेक्शन दी जानी चाहिए। जिस पर थाना घुमाण के एसएचओ हरजिंदर सिंह देओल ने उन्हें विश्वास दिलाया कि उन्हे कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। कोई धक्का या अन्याय नहीं होने दिया जाएगा – एसएचओ
मौके पर पहुंचे थाना घुमाण के एसएचओ (SHO) हरजिंदर सिंह देओल ने बताया कि यह मसला मूल रूप से पुलिस चौकी बटाला से संबंधित है। फिर भी टावर पर चढ़े पिता-पुत्र को यह विश्वास दिलाया जा रहा है कि उनके साथ कोई धक्का या अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक दोनों अपनी जिद पर अड़े हुए थे और टावर से नीचे नहीं उतरे थे।