लगातार तीसरी बार सुजानपुर ब्लाक समिति चेयरमैन का चुनाव टलने से नाराज पठानकोट भाजपा के नेताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए जिला प्रशासन और पंजाब सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त किया। इस प्रदर्शन में पूर्व डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू की अगुवाई में कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। उनके साथ पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शर्मा, पूर्व मेयर अनिल वासुदेवा तथा ब्लॉक समिति सुजानपुर से निर्वाचित सभी सदस्य भी मौजूद रहे। हार से डर रही आम आदमी पार्टी
प्रदर्शन के दौरान पूर्व डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू ने आरोप लगाया कि सुजानपुर ब्लॉक समिति चेयरमैन के चुनाव को जानबूझकर तीसरी बार स्थगित किया गया है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। आम आदमी पार्टी अपनी हार देख डर रही है।
दिनेश सिंह बब्बू ने बताया कि डीसी कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार सभी समिति सदस्यों को चुनाव के लिए बुलाया गया था। भाजपा के सभी सदस्य निर्धारित समय 11 बजे पहुंच गए थे, लेकिन आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के सदस्य अनुपस्थित रहे। जिससे तीसरी बार चुनाव को टाला गया। 15 में से 8 ब्लाक समितियों पर भाजपा का कब्जा
दिनेश सिंह बब्बू ने कहा कि सुजानपुर की 15 ब्लाक समितियों में से 8 पर भाजपा विजेता रही है। भाजपा का चेयरमैन बनना तय है। अब आम आदमी पार्टी को अपना चेयरमैन बनता नहीं दिख रहा तो उनकी ओर से जानबूझ कर चुनाव प्रक्रिया को लटकाया जा रहा है। ताकि, कोई जोड़-तोड़ कर अपना चेयरमैन बनाया जा सके। लेकिन, भाजपा का हर कार्यकर्ता उनके झांसे में नहीं आएगा। कई घंटे किया इंतजार
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शर्मा ने बताया कि कई घंटों तक इंतजार करने के बावजूद जब विपक्षी दलों के सदस्य नहीं पहुंचे तो चुनाव प्रक्रिया को फिर से स्थगित कर दिया गया। यह लगातार तीसरी बार है जब चेयरमैन के चुनाव को टाला गया है, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।नेताओं ने प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जल्द ही चुनाव नहीं करवाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के साथ इस प्रकार का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, लेकिन भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेंगे।