बांसवाड़ा में आगमी त्योहारों को देखते हुए मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की बैठक हुई। जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने कहा- बांसवाड़ा की पहचान आपसी भाईचारे से है। इसे हर हाल में कायम रखा जाएगा। एसपी सुधीर जोशी के निर्देश पर शाम को कोतवाली थाना पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। शहर कोतवाल बुद्धाराम बिश्नोई ने बताया- फ्लैग मार्च की शुरुआत पाल मस्जिद क्षेत्र से हुई, जो कंधारवाड़ी सहित शहर के विभिन्न प्रमुख और विभिन्न मार्गों से होते हुए पुलिस कंट्रोल रूम पर संपन्न हुआ। मार्च के जरिए पुलिस ने संदेश दिया कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों से सख्ती से निपटा जाएगा। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई तो खैर नहीं: एसपी शांति समिति की बैठक में पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने कहा- जिले की शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर कोई भी भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करें। मोहर्रम के जुलूसों के दौरान समय की मर्यादा का पालन करने और आयोजकों को स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) की सूची पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बिजली-पानी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश बैठक में जिला कलक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान बिजली कटौती न हो, पेयजल की सुचारू आपूर्ति रहे और जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई व यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। पूर्व मंत्री और सदस्यों ने उठाए मुद्दे, डायलाब में पानी भरने की मांग बैठक में पूर्व मंत्री भवानी जोशी सहित शांति समिति के अन्य सदस्यों ने शहर की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सदस्यों ने जुलूस मार्गों की सफाई, नीचे लटकते बिजली के तारों को दुरुस्त करने और डायलाब तालाब में पानी भरने जैसी महत्वपूर्ण मांगें रखीं। बैठक में मौजूद सभी जनप्रतिनिधियों और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को सब त्योहार शांतिपूर्ण और परंपरागत रूप से मिल-जुलकर मनाने का वादा किया।
