कोटा शहर में रविवार को एक मंदिर में शिव परिवार की मूर्तियों को खंडित कर दिया गया। इससे गुस्साए हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ता आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने दोपहर 2 बजे बाजार बंद कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस से धक्का-मुक्की हो गई। मामला गुमानपुरा थाना क्षेत्र के शॉपिंग सेंटर इलाके के पिपलेश्वर महादेव मंदिर का है। पुलिस के आश्वासन के बाद लोगों ने दोपहर 4 बजे धरना खत्म किया और 48 घंटे में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। इसके साथ ही हिंदू संगठनों ने सोमवार को शॉपिंग सेंटर के रोड वाला बाजार बंद करने की चेतावनी दी है। इससे पहले आज सुबह 6 बजे जब पुजारी आया तो मंदिर के आसपास शिव परिवार की मूर्तियां टूटी हुई मिलीं। भगवान को पहनाई हुई पोशाकें जली हुई थीं। मंदिर में नियमित पूजा के लिए आई बुजुर्ग महिला संतोष शर्मा मंदिर की यह हालत देखकर रोने लगीं। उन्होंने कहा है कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी, तब तक वह अन्न-जल ग्रहण नहीं करेंगी। पहले देखिए, घटना से जुड़ी PHOTOS… सुबह पुजारी आया तो मूर्तियां टूटी मिलीं
स्थानीय व्यापारी गौरव अग्रवाल ने बताया- शॉपिंग सेंटर इलाके में बंधन बैंक के सामने डिवाइडर पर मंदिर बना हुआ है। मंदिर से व्यापारियों की काफी आस्था जुड़ी है। सभी व्यापारी यहां दर्शन करके ही दुकान खोलते हैं। मंदिर में शिवलिंग, पार्वती, गणेश सहित अन्य भगवान की मूर्तियां हैं। आज सुबह 6 बजे पुजारी आया तो मंदिर के आसपास शिव परिवार की मूर्तियां टूटी हुई मिलीं। भगवान को पहनाई हुई पोशाकें जली हुई थीं। स्थानीय व्यापारियों में घटना को लेकर काफी गुस्सा है। सभी व्यापारी कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में अलसुबह करीब 3:45 बजे एक संदिग्ध मंदिर के आसपास घूमता नजर आया है। विधायक बोले- आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ करें
कोटा दक्षिण से बीजेपी विधायक संदीप शर्मा ने कहा- एक मंदबुद्धि व्यक्ति पिछले दो-तीन दिन से मंदिर के आसपास देखा जा रहा था। पुलिस प्रशासन के अनुसार उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। विधायक ने मांग की कि उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर पूछताछ की जाए ताकि यह पता चल सके कि उसने ऐसा क्यों किया? क्या यह घटना किसी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा- पुलिस प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी तरह से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत न हों। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच कर रहे
एडिशनल एसपी दिलीप सैनी ने बताया- शॉपिंग सेंटर इलाके में पिपलेश्वर महादेव मंदिर में असामाजिक व्यक्ति द्वारा मूर्तियों को नुकसान पहुंचाने की शिकायत मिली थी। मौका निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। आज सुबह 6 बजे भी वह व्यक्ति मंदिर के आसपास ही था। वह बहकी-बहकी बातें कर रहा था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
