जयपुर के सेंट्रल पार्क की पार्किंग से दो बदमाशों ने एक 50 साल के चार्टर्ड अकाउंटेंट राजीव गुप्ता का अपहरण कर लिया। मोती डूंगरी थाना क्षेत्र के रहने वाले सीए ने पुलिस को बताया कि मॉर्निंग वॉक के बाद वे अपनी मर्सिडीज कार में बैठ रहे थे। इसी दौरान दो आरोपी पिस्टल-चाकू के साथ उनकी कार में घुस गए। किडनैपर उन्हें आमेर थाना क्षेत्र की ओर ले गए। यहां उन्होंने चलती कार का गेट खोलकर मदद मांगने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और कार एक बाइक से टकराकर पलट गई। दोनों आरोपी सीए को मौके से छोड़कर फरार हो गए। एसीपी पूनम ने बताया कि राजीव गुप्ता ने अशोक नगर थाना में किडनैपिंग की एफआईआर दर्ज कराई है। 3 पॉइंट में समझिए पूरा घटनाक्रम 1. कार के अंदर घुसे बदमाश: राजीव गुप्ता ने बताया कि वो सुबह 6.30 बजे पार्क में आए थे। करीब एक घंटे बाद वो घर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही कार का गेट खोला एक बदमाश पिस्टल के साथ बैकसीट पर बैठ गया। मैं कुछ संभल पाता इससे पहले ही दूसरा बदमाश मुझे ड्राइविंग सीट से धकेलते चाकू लेकर ड्राइविंग सीट पर बैठ गया। 2. जान से मारने की धमकी: सीए ने बताया बदमाश कार को दौड़ाते हुए आमेर की तरफ ले गए। रास्ते में आरोपियों ने उन्हें हथियार दिखाकर धमकाया, जान से मारने की धमकी दी। गुप्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच थी। पीछे वाले आरोपी ने उन पर पिस्टल तान रखी थी। 3. करीब 15 किलोमीटर दूर पलटी कार: आरोपी शहर से होते हुए कार को दिल्ली रोड की तरफ ले गए। पीली की तलाई एरिया के पास मैंने चलती कार का गेट खोलकर पैर बाहर लटका दिए और चिल्लाकर मदद मांगी। इस दौरान ड्राइवर का ध्यान भटक गया और कार आगे चल रही बाइक से टकरा गई। स्पीड ज्यादा होने के कारण सड़क किनारे के नाले में पलट गई। दोनों आरोपी कार के विंडो से निकलकर फरार हो गए। अब देखिए- घटना से जुड़ी PHOTOS पुलिस को आशंका, बदमाशों ने की थी रेकी सीए ने पुलिस को बताया कि वो डेली सुबह 6.30 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए पार्क में आते हैं। यहां से करीब 7.30 बजे पार्क के गेट नंबर-4 से बाहर निकलते हैं। पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि हो सकता है कि बदमाश उनकी कई दिनों से रेकी कर रहे हो। गुरुवार को मौका मिलने पर उन्होंने किडनैप कर लिया हो। अशोक नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराने भेजा कार पलटने की सूचना मिलने पर आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा मौके पर पहुंचे थे। उन्हें सीए ने किडनैपिंग की कोशिश की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने आसपास के एरिया में नाकाबंदी करवाई। इसके बाद सीए से थानाधिकारी ने कहा कि-आपका के साथ घटना अशोक नगर थाना क्षेत्र में हुई है। इसलिए एफआईआर वहीं दर्ज करानी होगी। जहां से किडनैपिंग, उसे हिस्से के सीसीटीवी कैमरे खराब सीए की किडनैपिंग गेट नंबर चार से की गई थी। पार्क के इस एरिया में लगे सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से खराब हैं। जबकि, इस पार्क में कई बार सीएम व दूसरे वीवीआईपी भी मॉर्निंग वॉक व दूसरे इवेंट के लिए अक्सर आते हैं। सेंट्रल पार्क के एक तरफ जयपुर सचिवालय और हाईकोर्ट भी है। इसके बावजूद पार्क में सिक्योरिटी को लेकर कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। सेंट्रल पार्क के पास पहले भी हुईं कई वारदात 1. बिजनेसमैन की बेटी के साथ हुई थी लूट: करीब 2 महीने पहले सेंट्रल सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक पर आई बिजनेसमैन की बेटी के गले से सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया था। अशोक नगर थाना पुलिस सेंट्रल पार्क में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से बदमाश की पहचान कर गिरफ्तार कर लिया था। पूरी खबर पढ़िए… 2. महिला का गला दबाकर लूट, एक घंटे बेहोश पड़ी रही: करीब एक साल पहले भी सेंट्रल पार्क में एक महिला के साथ लूट हुई थी। बदमाशों ने महिला को गला और मुंह दबाकर बेहोश कर दिया। फिर 2 सोने की अंगूठी और 1 चांदी की अंगूठी निकाल ले गए। पूरी खबर पढ़िए…