चूरू के रतनगढ़ में बुधवार दोपहर तेज हवाओं के साथ करीब 40 मिनट तक हुई जोरदार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। दोपहर ढाई बजे तक 31 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश से उतरादा बाजार, चूरू रोड, सरदारशहर बाइपास सहित कई इलाकों में पानी भर गया, जबकि कुछ दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। हालांकि, बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और किसानों ने बुवाई के लिए खेतों का रुख कर लिया। शहर की सड़कों और बाजारों में भरा पानी बारिश के कारण रतनगढ़ शहर का उतरादा बाजार, चूरू रोड, सरदारशहर बाइपास मार्ग, देराजसर रोड, बस स्टैंड, जालान अस्पताल के सामने और पोस्ट ऑफिस सड़क मार्ग सहित कई क्षेत्रों में बरसाती पानी जमा हो गया। जलभराव के चलते वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। ड्रेनेज व्यवस्था से कई जगह मिली राहत क्षेत्र में संचालित ड्रेनेज सुविधा के कारण कई इलाकों से पानी की निकासी तेजी से हो गई। हालांकि, चूरू सड़क मार्ग और सरदारशहर बाइपास रोड पर जल निकासी धीमी रहने से यहां लंबे समय तक पानी जमा रहा। इससे स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गईं। दुकानों में घुसा पानी, व्यापारियों को नुकसान उतरादा बाजार की कुछ दुकानों में पानी घुस जाने से व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। अचानक हुई तेज बारिश के कारण कई दुकानदारों को सामान सुरक्षित करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। किसानों के लिए राहत की बारिश क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बीच किसान बुवाई कार्य में जुट गए हैं। पर्याप्त नमी मिलने से किसानों में उत्साह देखा गया और वे खेतों की तैयारियों में लग गए। चूरू में आंधी, बारिश का इंतजार इधर, चूरू शहर में बुधवार दोपहर तेज आंधी चली। लोगों को जोरदार बारिश की उम्मीद थी, लेकिन यहां केवल हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन अच्छी बारिश का इंतजार अभी भी बना हुआ है।