बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट पर तंज कसा। मदन राठौड़ ने कहा- यह दोनों कभी साथ हो ही नहीं सकते हैं, यह साथ होने का नाटक करते हैं। पायलट जिंदगी भर नहीं भूल सकते हैं कि गहलोत ने इन्हें नकारा, निकम्मा और मक्कार कहा था। राठौड़ ने कहा- जो यह कहे कि हम साथ-साथ हैं, फिर मत कहना कि साथ नहीं हैं, फोटो खींच लो। इसी में सब कुछ छिपा है कि इनमें कितना मतभेद है। जिन्हें फोटो खिंचवाकर साबित करना पड़े कि वो साथ-साथ हैं, इसका मतलब है कि उनके बीच कितना बड़ा अंतर्द्वंद है। राठौड़ ने गुरुवार को BJP के प्रदेश कार्यालय में मीडिया के साथ बातचीत के दौरान ये बातें कही। फोटो खींच लो, फिर कहोगे बनती नहीं है दरअसल, बुधवार को दिल्ली में इंदिरा भवन में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ओबीसी एडवाइजरी काउंसिल की बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। जैसे ही गहलोत ने अपनी गाड़ी रोकी, सचिन पायलट तुरंत ही उनके पास आए और हाथ मिलाने लगे। इस दौरान, वहां मौजूद पत्रकारों से मुस्कुराते हुए अशोक गहलोत ने कहा- फोटो खींच लो, फिर कहोगे कि बनती नहीं है…। इसके बाद, मुस्कुराते हुए सचिन पायलट ने भी कहा- पीछे-पीछे और कौन आ रहा था? इस पर गहलोत ने मजाकिया लहजे में जवाब दिया- और कैसे बताएं आपको? एससी-एसटी-ओबीसी को वोट बैंक समझते है मदन राठौड़ ने कहा- मैंने आज मीडिया में अशोक गहलोत का एक और बयान पढ़ा। उसमें वो कह रहे हैं कि राहुल गांधी पहली बार एससी-एसटी और ओबीसी के बारे में बोले हैं। हम तो सोचते थे कि वे इतने सालों से उन वर्गों के बारे में सोच रहे हैं। लेकिन अशोक गहलोत जैसा वरिष्ठ नेता कह रहा है कि राहुल गांधी इन वर्गों के बारे में पहली बार बोले हैं। इसका मतलब है कि आज तक आप इन वर्गों का उपयोग करते रहे, इनको वोट बैंक समझते रहे और इनके बारे में कभी बोले ही नहीं।
