अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कॉन्स्टेबल ने ट्रक ड्राइवर को लात और थप्पड़ से पीटा। उसे गर्दन से पकड़कर खींचा और सड़क पर गिरा दिया। घटना सोमवार दोपहर 3 बजे नौगांवा थाना क्षेत्र में रसगन गांव के पास एक्सप्रेसवे की पुलिया नंबर 85 पर हुई। ड्राइवर दिल्ली जाने के लिए ट्रक में बैठ रहा था। मंगलवार को मारपीट का वीडियो सामने आया। वीडियो सामने के बाद एसपी सुधीर चौधरी ने आरोपी कॉन्स्टेबल अनुराग को लाइन हाजिर कर अलवर पुलिस लाइन भेज दिया। ट्रक ड्राइवर के परिजन ने पुलिस पर अवैध वसूली और मारपीट का आरोप लगाया है। देखिए, मारपीट के 4 PHOTOS… भाई बोला- 200 रुपए मांग रहा था पुलिसकर्मी भरतपुर के सीकरी थाना क्षेत्र के जौनपुर गांव के रहने वाले हाकम खां ने बताया- मेरा छोटा भाई राजू (35) पुत्र सुभान खां अपना ट्रक दिल्ली में ट्रांसपोर्ट कंपनी में खड़ा करके घर आया था। राजू और अन्य ड्राइवर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की 85 नंबर पुलिया से ही ट्रकों में बैठते और उतरते हैं। ये लोग ट्रकों से ही आते-जाते हैं। सोमवार दोपहर 3 बजे राजू और खलासी अनुज 85 नंबर पुलिया पर दिल्ली जाने के लिए खड़े थे। एक ड्राइवर ने इनको देखकर ट्रक रोक लिया। जब ये लोग ट्रक में बैठने लगे तो वहां मौजूद पुलिसवालों ने कहा कि यहां क्या कर रहे हो? मेरे भाई ने कहा कि हम गाड़ी में बैठकर वापस दिल्ली जा रहे हैं। इस पर पुलिसवालों ने कहा कि यहां से गाड़ी में बैठने की इजाजत नहीं है। हल्की कहासुनी के बाद पुलिसवाले ने कहा कि 200 रुपए दे दो। जब मेरे भाई ने पैसे नहीं देने को लेकर बहस की तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिसवाले ने लात-थप्पड़ मारे और सड़क पर ही पटक दिया। खलासी अनुज ने मुझे फोन किया तो मैं घर से वहां पहुंचा। मैंने देखा कि राजू की हालत बहुत खराब थी। उसे नौगांवा अस्पताल लेकर गए, लेकिन उसे आराम नहीं मिला। इसके बाद डॉक्टर ने उसे अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेन सिस्टम समझा रही थी पुलिस रामगढ़ डीएसपी पिंटू कुमार ने बताया- मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद उच्च अधिकारियों को जानकारी दी गई। मामले में जांच की जाएगी। उन्होंने बताया- लेन सिस्टम के बारे में समझाने के दौरान वीडियो बनाने को लेकर पुलिस से कहासुनी हो गई, जो लड़ाई-झगड़े में बदल गई।