जोधपुर में एक स्टील फैक्ट्री में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब केमिकल में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस घटना में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है, हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना बासनी इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार दोपहर 1 बजे की है। गनीमत यह रही कि इसमें किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई। स्टील बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल में आग भड़की बासनी स्टेशन फायर ऑफिसर प्रशांत सिंह चौहान ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे बसनी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित राजलक्ष्मी फैक्ट्री में आग लग गई। यह स्टील की फैक्ट्री है और इसमें स्टील बनाने में इस्तेमाल किए जाने वाले केमिकल में आग लग गई। चौहान ने बताया कि सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों पता नहीं लग पाया है। कोई जनहानि नहीं, लेकिन लाखों का नुकसान उन्होंने बताया कि गनीमत यह रही कि इसमें किसी तरह की कोई जनहानी नहीं हुई है। हालांकि आग से फैक्ट्री को नुकसान हुआ है। आग बुझाने वाली टीम में बासनी अधिकारी प्रशांत सिंह चौहान, फायरमैन महेंद्र चौधरी ,चंदन ,सुनील, सुरेश ,औपाराम, रामजीत शामिल रहे।
