शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी रविवार को सैकड़ों समर्थकों के साथ बाड़मेर एसई ऑफिस में धरने पर बैठे गए। उन्होंने डिस्कॉम अफसरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। दरअसल, रविवार को एफआरटी कर्मचारी फॉल्ट ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका हॉस्पिटल में इलाज जारी है। इसके बाद भाटी रविवार को घायल कर्मचारी के पिता के साथ एसई ऑफिस पहुंचे और धरने पर बैठे। उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही गरीब परिवार को आर्थिक मुआवजा दिया जाएं। करीब 2 घंटे से भाटी का समर्थकों के साथ धरना- प्रदर्शन जारी है। साथ ही अफसरों से भी लगातार वार्ता की जा रही है। जानकारी के अनुसार, रविवार को जिले के शिव से गूंगा जाने वाली लाइन का लाइट फॉल्ट ठीक करने के लिए एफआरटी कर्मचारी लक्ष्मणदास (30) पुत्र कन्हैयालाल निवासी शिव अपनी टीम के साथ कुमावत नगर गया था। शटडाउन लेने के बाद वहां पर फॉल्ट ठीक कर रहा था। इस दौरान जीएसएस से कर्मचारी ने लापरवाही करते हुए लाइट सप्लाई शुरू कर दी। करंट की चपेट में आने से लक्ष्मणदास लाइट पोल से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में लोग उसे शिव हॉस्पिटल लेकर गए, जहां से उसे बाड़मेर हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है। पिता बोले- शराबी कर्मचारी ने शुरू की थी लाइट सप्लाई
घायल कर्मचारी के पिता कन्हैयालाल ने बताया- रविवार शाम को 4 बजे जेईएन का फोन आया। कहा- लाइट फॉल्ट है। जब लाइट ठीक करने के लिए लक्ष्मणदास ऊपर चढ़ा, तब ही शराब के नशे में डिस्कॉम कर्मचारी अलसाराम ने लाइट की सप्लाई शुरू कर दी। हमारी मांग है कि लापरवाह लोगों पर कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी डिस्कॉम के किसी अधिकारी ने सुध नहीं ली। भाटी ने कहा- जब तक न्याय नहीं मिलेगा, धरना देंगे
विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कहा- डिस्कॉम की गलती की वजह से हादसा हुआ है। आज सुबह से शिव मार्केट पूरी तरीके से बंद था। पूरे शिव के लोग डिस्कॉम के आगे धरने पर बैठे है। उन्होंने कहा कि जिस भी कर्मचारी के कारण हादसा हुआ, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और घायल को आर्थिक मुआवजा भी देना चाहिए। जब तक पीड़ित घायल युवक का समुचित इलाज व आर्थिक सहायता की व्यवस्था नहीं होती है, तब तक धरना जारी रहेगा।
