जैसलमेर के आर्मी कैंट स्थित 23 फील्ड रेजिमेंट में सोमवार को एक हवलदार ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उनकी शव के पास कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सदर थाना के ASI मदन सिंह ने बताया- सोमवार सुबह रघु एस (34) पुत्र सम्पत, निवासी तमिलनाडु ने आर्मी कैंट में सुसाइड कर लिया। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। इसके बाद देह को जवाहिर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। बुधवार को तमिलनाडु से उनके भाई पार्थिबन पहुंचे और उन्हें शव सौंपा गया। भाई शव लेकर तमिलनाडु रवाना हो चुके हैं। मामले में मर्ग दर्ज की गई है। भाई पार्थिबन ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया- सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे उन्हें यूनिट से सूचना मिली थी। इसके बाद वे कोलकाता से जैसलमेर पहुंचे। परिजनों ने किसी पर कोई शक नहीं जताया है। सम्मान के साथ रवाना बुधवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने शव परिजनों और सेना के अधिकारियों को सौंप दिया। सैन्य सम्मान के साथ पार्थिव देह को मॉर्च्युरी से रवाना किया गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
