सरकार कहती है बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ और सीहारे वाले महाराज कहते हैं- बहू पढ़ाओं और देश बढ़ाओं। केवल बेटी नहीं बहू भी पढ़ें और अच्छी एजुकेशन करें। ये बात कथावाचक प्रदीप मिश्रा ने बुधवार को भीलवाड़ा में कथा के दौरान कही। वे बोले- बहू पढ़कर आगे बढ़ेगी तो अपने बच्चों का भी इतिहास गढ़ेगी । मां अगर जीजाबाई जैसी होगी तो उनकी गोदी में छत्रपति वीर शिवाजी खेलेंगे, कौशल्या मां जैसी अगर होगी तो राम उनके आंगन में खेलेंगे और यशोदा और देवकी जैसी मां होंगी तो कृष्णा खेलेंगे, उनके भीतर बल पैदा करो। दरअसल, बुधवार सके भीलवाड़ा के मेडिसिटी ग्राउंड मे पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा की शुरुआत हुई है। 7 दिनों तक चलने वाली इस कथा में राजस्थान के साथ ही गुजरात, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के भक्त भी पहुंचे हैं। कथा शुरू होने से पहले ही डोम में श्रद्धालुओं की भीड़ हो गई थी। कई लोग दो-दो किलोमीटर दूर से पैदल चल इस कथा में पहुंचे। कथा की शुरुआत से पहले बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ पंडाल में पहुंची। लोगों को कथा स्थल तक पहुंचाने के लिए थोड़ी मशक्कत भी करनी पड़ी। कथा में पहले आओ, पहले पाओ पैटर्न पर एंट्री दी गई, जो भक्त पहले आए, वे थोड़ा आगे बैठ सके। देखिए कथा स्थल की PHOTOS …
कथा की खास बातें… 1. 2 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था आयोजन समिति के विधायक अशोक कोठारी ने बताया कि कथा स्थल पर साढे चार लाख स्क्वायर फीट एरिया में वाटरप्रूफ डोम तैयार किया गया है, जिन्हें तीन अलग-अलग कैटेगरी में बांटा गया है, एक साथ करीब 2 लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था यहां की गई है। पिछले एक सप्ताह से यहां पर 200 से ज्यादा कारीगरों की टीम पंडाल और भोजनशाला तैयार करने के लिए लगे हुए थे।भक्तों को कोई ऐसी सुविधा न हो इसके लिए मेडिकल, पानी पार्किंग सहित जरूरी इंतजाम किए गए 2. राजस्थान के बाहर से भी भक्त पहुंचे कथा सुनने के लिए राजस्थान के साथ-साथ गुजरात, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा यूपी के भक्त कथा सुनने पहुंचे हैं। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल है। कथा की शुरुआत आज से हुई है लेकिन लोगों के पहुंचने का सिलसिला सोमवार से ही शुरू हो चुका था।कथा से एक दिन पहले मंगलवार शाम को शहर में कलश शोभायात्रा यात्रा का आयोजन भी किया गया था। 3. पार्किंग के विशेष इंतजाम कथा में आने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट किया है, लोकल और बाहर से आने वाले सभी फोर व्हीलर की पार्किंग मानसरोवर में की गई है। इसके लिए अलग-अलग साइड से भीलवाड़ा में आने वाली गाड़ियों को बदले हुए मार्ग से घूम कर मानसरोवर पार्किंग में पहुंचाना होगा। इसके साथ ही राम धाम से मीरा सर्किल तक की रोड को वन वेकिया गया है।वीआईपी पार्किंग के लिए किसान वाटिका के सामने खाली प्लॉट पर गाड़ियों की पार्किंग की जा रही है।
