डीडवाना-कुचामन जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने सघन नाकाबंदी अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन में यह अभियान अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (कानून व्यवस्था), जयपुर के आदेश पर चलाया गया। इस अभियान के तहत जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन ड्राइवरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने कुल 457 चालान जारी किए। जारी किए गए चालानों में शराब पीकर वाहन चलाने का 1 मामला शामिल है। इसके अतिरिक्त काली फिल्म लगे 70 वाहनों, बिना सीट बेल्ट के 96 ड्राइवरों, बिना हेलमेट के 174 दुपहिया वाहन ड्राइवरों, बिना नंबर प्लेट के 89 वाहनों और वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने वाले 11 ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अन्य नियमों के उल्लंघन में 16 चालान काटे गए। पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन ड्राइवरों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी न केवल उनकी अपनी सुरक्षा बल्कि सड़क पर मौजूद अन्य लोगों के लिए भी खतरा पैदा कर सकती है।
