SI भर्ती-2021 पेपर लीक मामले में फरार चल रहा 50 हजार का इनामी स्टूडेंट बनकर फरारी काट रहा था। फलोदी पुलिस की टीम भी स्टूडेंट बनकर श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ में आरोपी अशोक विश्नोई के कमरे पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी अशोक को एसओजी को सौंप दिया। आरोपी अपना नाम, पता और हुलिया बदलकर दो साल से बेंगलुरु (कर्नाटक), जोधपुर शहर, सूरतगढ़ और अन्य स्थानों पर फरारी काट रहा था। अशोक विश्नोई निवासी मटोलचक (खारा) जिला फलोदी के खिलाफ एसओजी ने जयपुर में मामला दर्ज कराया था। फलोदी एसपी कुंदन कंवरिया ने बताया-2024 में एसओजी ने अशोक के खिलाफ जयपुर में मामला दर्ज कराया था। जिस पर 50 हजार रुपए का इनाम था। फलोदी पुलिस अशोक को पिछले 6 महीने से खोज रही थी। 31 जनवरी को टीम के कॉन्स्टेबल किसनाराम को आरोपी के श्रीगंगानगर में होने की जानकारी मिली थी। इस पर टीम श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ पहुंची। जांच में सामने आया कि आरोपी अशोक ने रीट परीक्षा की तैयारी करने वाले स्टूडेंट का हुलिया बना रखा है। कमरा लेते समय अशोक ने अपना नाम सुनील बताया था। रीट स्टूडेंट बनकर पहुंची पुलिस
पुलिस टीम आरोपी की शिनाख्त कन्फर्म करने के लिए 1 फरवरी को रीट स्टूडेंट बनकर उसके किराए के कमरे पर पहुंची। इसके बाद किराए पर कमरा पूछने के बहाने बुलाया। बाहर आते ही उसे गिरफ्तार कर लिया। दो साल से कर्नाटक और राजस्थान के शहरों में काट रहा था फरारी
एसपी ने बताया-आरोपी अशोक विश्नोई बहुत शातिर है। वह अपना नाम, पता और हुलिया बदलकर दो साल से बेंगलुरु (कर्नाटक), जोधपुर शहर, सूरतगढ़ और अन्य स्थानों पर पुलिस टीमों को चकमा दे रहा था। गिरफ्तारी के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए एसओजी को सौंप दिया गया है। आरोपी ने तीन दिन तक तीन अभ्यर्थियों की दी परीक्षा
वर्ष 2024 से फरार आरोपी अशोक कुमार को फलोदी पुलिस की मदद से अरेस्ट किया गया। एसआई भर्ती परीक्षा-2021 के दौरान एग्जाम के तीन दिन आरोपी डमी कैंडिडेट बना। 13 सितंबर, 14 सितंबर और 15 सितंबर 2021 को आयोजित परीक्षा में श्याम प्रताप सिंह, श्रवण कुमार गोदारा व मदन लाल अभ्यर्थी के स्थान पर डमी परीक्षार्थी के रूप में बैठकर लिखित परीक्षा दी। इससे ये संबंधित अभ्यर्थी अवैध रूप से चयनित हुए थे। एसओजी की ओर से मामले में अब तक 63 ट्रेनी एसआई, 6 चयनित एसआई सहित कुल 139 आरोपियों को अरेस्ट किया जा चुका है। … यह भी पढ़ें एसओजी ने एसआई पेपर लीक मामले में तीन आरोपी पकड़े:AAO पद पर हैं दो आरोपी, परीक्षा से पहले पढ़ाया था पेपर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती पेपर लीक मामले में कार्रवाई की। एसओजी टीमों ने दबिश देकर पेपर लीक मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। (पढ़ें पूरी खबर)
