जोधपुर जिले में पैदल रामदेवरा (जैसलमेर) जा रहे चाचा-भतीजे सहित तीन श्रद्धालुओं को बोलेरो कैंपर ने कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शेरगढ़ थाना इलाके में गुरुवार रात करीब 11:30 बजे शेरगढ़ से फलोदी मेगा हाईवे पर भूंगरा में हुआ। थानाधिकारी खेताराम सियोल ने बताया- रात 10 बजे तेना-नाथासर गांव से पांच श्रद्धालु पैदल रवाना हुए थे। घर से 10 किलोमीटर दूर मेगा हाईवे पर पहुंचे थे। वहां बेकाबू बोलेरो ने तेना-नाथासर निवासी नरेश (25) पुत्र चंद्राराम, अंबाराम (29) पुत्र कुंभाराम और भानाराम (25) पुत्र अनोपाराम को टक्कर मार दी। पुलिस ने ड्राइवर को डिटेन कर बोलेरो जब्त कर ली है। तीनों शव शेरगढ़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाए। परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया है। परिजन और ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे शेरगढ़ थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। नरेश, अंबाराम का भतीजा था और भानाराम पड़ोसी था। पुलिस कर रही जांच शेरगढ़ थाना अधिकारी खेताराम सियोल ने बताया- हादसे की सूचना पर ASI रूगाराम और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचा। स्थानीय निवासी बिशन सिंह ने तीनों को शेरगढ़ हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 50 फीट का फासला था, इसलिए दो साथी बच गए जिन तीन युवकों की मौत हुई है, उनके साथ नरपत राम और उदाराम भी रामदेवरा जा रहे थे। नरपत राम ने बताया कि हम 5 साथी गांव से निकले थे। मैं और उदाराम उन तीनों (मृतकों) के पीछे चल रहे थे। हमारे बीच में करीब 50 फीट का फासला था। हम सुरक्षित बच गए, लेकिन बोलेरो कैंपर ने उन तीनों को चपेट में ले लिया। तीनों युवक मजदूरी करते थे। ये हैं मांगें ग्रामीणों ने SDM विक्रांत शर्मा को मांगों का ज्ञापन सौंपा है। इसमें उन्होंने तीनों मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख का मुआवजा और परिवार के एक-एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने की मांग की है। ……………………. ये खबर भी पढ़ें… स्विफ्ट और इको कार में भीषण भिड़ंत, सास-बहू की मौत:परिवार के 5 लोग हॉस्पिटल में भर्ती; मंदिर दर्शन करने जा रहे थे बालोतरा में स्विफ्ट और इको कार के बीच आमने- सामने की भीषण भिड़ंत में इको में सवार सास और बहू की मौत हो गई। हादसे में 5 जने गंभीर घायल हो गए। परिवार के लोग खरनाल(नागौर) तेजाजी मंदिर दर्शन करने के लिए जा रहे थे। (पूरी खबर पढ़ें)
