निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीति पर जयपुर में हुई बैठक में संगठन की एकजुटता और प्रत्याशियों के समर्थन का मुद्दा प्रमुखता से उठा। बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री B.L. संतोष ने नेताओं को कहा- प्रत्याशी कितना भी कमजोर क्यों न हो, चुनाव के अंत तक उसी के साथ मजबूती से खड़े रहना। बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने शुक्रवार सुबह 9 बजे बीजेपी कार्यालय पहुंचे। इसके बाद उन्होंने चुनाव से जुड़े नेताओं से फीडबैक लिए। इस दौरान राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने विधायकों और विधानसभा प्रत्याशियों से कहा- कोई भी प्रत्याशी तेरा-मेरा नहीं होता है। जिसे पार्टी का सिंबल मिल गया, वो ही सबका है। बैठक के बाद बीएल संतोष ने सीएम भजनलाल शर्मा, प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल सहित प्रदेश के चुनिंदा नेताओं के साथ बैठक की। वहीं बाद में बीएल संतोष शहर बीजेपी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर शहर विधायक, विधानसभा प्रत्याशी और शहर के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक की। इसके बाद बीएल संतोष दिल्ली लौट गए। निर्दलीय प्रत्याशी को साधने की करें कवायद संभागीय चुनाव संचालन समिति की बैठक में किसी नेता ने फीडबैक के दौरान सुझाव दिया कि जहां हमारा प्रत्याशी कमजोर है। निर्दलीय और कांग्रेस प्रत्याशी के बीच में सीधी टक्कर है। वहां हमें अभी से निर्दलीय प्रत्याशी को साधने की कवायद शुरू कर देनी चाहिए, जिससे हमें बोर्ड बनाते समय इसका फायदा मिल सके। इस पर बीएल संतोष ने नेताओं को बैठक में दो टूक कहा- हमारा प्रत्याशी कितना भी कमजोर हो, हमें अंत तक उसी का साथ देकर उसे जिताने का प्रयास करना है। वहीं बैठक में एक वरिष्ठ नेता ने सांसदों के सक्रिय नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। शेखावाटी से आने वाले नेता ने कहा- निकाय चुनाव में सांसद पूरी सक्रियता से नहीं लगे हैं। इस पर सांसदों की भूमिका बढ़ाने पर जोर दिया गया। चुनाव संचालन समिति की बैठक में प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल, निकाय चुनाव की जिम्मेदारी संभाल रहे केंद्रीय नेताओं सहित चुनाव संचालन समिति से जुड़े नेता बैठक में मौजूद रहे। बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने मीडिया, आईटी, सोशल विभाग सहित प्रदेश प्रवक्ताओं की बैठक ली। बैठक में बीएल संतोष ने सभी को सोशल मीडिया पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। राम मंदिर चंदा चोरी और यूजीसी रोल बैक से बन रहा नेगेटिव माहौल बीएल संतोष ने मीडिया, आईटी, सोशल विभाग सहित प्रदेश प्रवक्ताओं की बैठक में नेताओं से पूछा कि बीजेपी के खिलाफ किन मुद्दों को लेकर नेगेटिव नरेटिव बना हुआ हैं। इस पर बैठक में नेताओं ने कहा कि राम मंदिर चंदा चोरी, यूजीसी रोल बैक सहित अन्य मुददों पर पार्टी के खिलाफ नरेटिव बना हुआ है। इस पर बीएल संतोष ने बैठक में बताया कि किस तरह से मीडिया, सोशल मीडिया और प्रवक्ताओं को टीवी डिबेट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इन मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखना है। उन्होंने सभी नेताओं को सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव रहने के निर्देश दिए। शहर विधायकों से कहा- वार्डों की स्थिति के बारे में ली जानकारी बीएल संतोष ने जयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर शहर के विधायक, विधानसभा प्रत्याशी और शहर के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में बीएल संतोष ने जयपुर नगर निगम में आने वाली विधानसभाओं के राजनीतिक समीकरण, वार्डों की स्थिति और अन्य आकड़ों के बारे में जानकारी ली। बैठक में जयपुर नगर निमग पर्यवेक्षक और प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़, विधायक बालमुकुंदाचार्य, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, सांसद मंजू शर्मा, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी सहित अन्य नेता शामिल हुए।
