जोधपुर में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक पर जा रहे पति-पत्नी को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि पति घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग नाराज हो गए और डंपर को आग लगा दी। इस दौरान लोगों ने ड्राइवर को भी जमकर पीटा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। घायल पुरुष को अस्पताल में भर्ती कराया और महिला के शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। हादसा कुड़ी थाना क्षेत्र के झालामंड चौराहे के पास शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पहले देखिए, घटना से जुड़ी 4 तस्वीरें हादसे से नाराज लोगों ने डंपर में आग लगाई एसीपी वेस्ट भजनलाल ने बताया- बारां जिले के शाहाबाद स्थित हटका निवासी रामनिवास (67) अपनी पत्नी मंजेश (65) के साथ रामदेवरा (जैसलमेर) के दर्शन कर बाइक से लौट रहे थे। उनके साथ करीब 20 से 25 जातरुओं का जत्था भी था। इस दौरान झालामंड चौराहे के पास ओवरस्पीड डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। डंपर महिला को 10 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। महिला के पति को मामूली चोटें आई है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। लोगों का कहना था कि इस रोड पर ओवरस्पीड गाड़ियों से हादसे होते रहते हैं। एसीपी ने बताया- गुस्साए लोगों ने पेट्रोल डालकर डंपर को आग के हवाले कर दिया और ड्राइवर की भी पिटाई कर दी। इस दौरान झालामंड चौराहे पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि 3 से 4 लोग थे, जिन्होंने डंपर पर पेट्रोल छिड़क आग लगा दी।
