बॉलीवुड के मशहूर एक्टर शक्ति कपूर और राहुल रॉय रविवार को जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर दोनों कलाकारों का जयपुर के वरुण बंसल ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान एयरपोर्ट पर मौजूद फैंस ने अपने पसंदीदा सितारों को देखकर तस्वीरें खिंचवाईं। दोनों एक्टर एयरपोर्ट से सीधे होटल के लिए रवाना हुए। वे जयपुर के मानसरोवर क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होंगे। इस शादी में बॉलीवुड एक्टर आदित्य पंचोली भी शामिल होंगे, वे रविवार शाम को जयपुर पहुंचेंगे। शक्ति कपूर ने एयरपोर्ट पर कहा कि उन्हें पिंक सिटी जयपुर आकर हमेशा अच्छा लगता है, वहीं राहुल रॉय ने यहां के लोगों की मेहमानवाजी की सराहना की। एयरपोर्ट पर उनके आगमन के दौरान फिल्मी अंदाज में प्रशंसकों का उत्साह देखने लायक था। शनिवार को पहुंचे थे सिंगर इससे पहले शनिवार को बॉलीवुड के फेमस म्यूजिक डायरेक्टर विशाल-शेखर भी जयपुर में नजर आए थे। वे कूकस स्थित एक होटल में अपने बैंड के साथ लाइव परफॉर्म करने के लिए आए थे। शनिवार को ही बॉलीवुड सिंगर पापोन भी अपने लाइव कॉन्सर्ट के लिए शहर आए थे। शक्ति कपूर ने 700 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया शक्ति कपूर हिंदी सिनेमा के सबसे चर्चित एक्टर में से एक हैं। उन्होंने अपने चार दशक लंबे करियर में 700 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है। किशन कन्हैया, अंदाज अपना अपना, राजा बाबू, तोहफा, चित्रहार, और चालबाज जैसी फिल्मों में अपने कॉमिक और विलेन दोनों किरदारों से उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। क्राइम मास्टर गोगो और नंदू जैसे उनके किरदार आज भी पॉप कल्चर का हिस्सा है। राहुल रॉय ने 1990 में आशिकी से लोकप्रियता हासिल की थी वहीं, राहुल रॉय ने 1990 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म आशिकी से रातोंरात लोकप्रियता हासिल की थी। उनकी सादगी भरी अदाकारी और रोमांटिक इमेज ने उन्हें युवाओं का चहेता बना दिया। इसके बाद उन्होंने सपने साजन के, जुनून, फिर तेरी कहानी याद आई जैसी फिल्मों में अभिनय किया। हाल के वर्षों में राहुल रॉय कई वेब सीरीज और स्वतंत्र फिल्मों में भी दिखाई दिए हैं और अपने अभिनय के नए आयाम तलाश रहे हैं।