जयपुर में पड़ोसन की धमकी से परेशान युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। युवक का महिला से अवैध संबंध था। महिला अश्लील वीडियो वायरल करके बदनाम करने की धमकी देकर रुपए और गहने मांग रही थी। जवाहर नगर के मुकेश नगर निवासी राजेंद्र चौधरी (34) दो दिन पहले महिला को 8 लाख कैश और गहने देने के लिए घर से निकला था। 30 अगस्त को शिप्रापथ थाना पुलिस को मानसरोवर में फनकिंगडम के पास रेलवे ट्रैक पर राजेंद्र की लाश मिली। पुलिस ने FSL टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुरिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। राजेंद्र की पत्नी लक्ष्मी चौधरी ने शिप्रापथ थाने में रविवार रात को पड़ोसी महिला और उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया है। पत्नी ने कहा- अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करती थी पड़ोसन SI संदीप बसेरा ने बताया- लक्ष्मी चौधरी ने शिप्रापथ थाने में रिपोर्ट दी। इसमें बताया- मेरे पति राजेंद्र चौधरी सांगानेरी गेट के पास साड़ी शॉप पर जॉब करते थे। मैं पति और दो बच्चों के साथ किराए से रहती हूं। मेरे पड़ोस में एक महिला और उसका पति भी किराए से रहता है। करीब 2 साल से मेरे पति राजेंद्र के पड़ोसी महिला के साथ अवैध संबंध थे। महिला ने मेरे पति का अश्लील वीडियो बना लिया था। इससे वह मेरे पति राजेंद्र को ब्लैकमेल कर रही थी। महिला करीब दो साल में राजेंद्र से काफी पैसा और गहने ऐंठ चुकी है। पति और महिला को 8 दिन पहले पकड़ा तो खुली पोल लक्ष्मी ने बताया- करीब 8 दिन पहले रात करीब 1:45 बजे मैंने पति और पड़ोसन को पकड़ लिया था। अवैध संबंध के बारे में पता चलने पर पति राजेंद्र से झगड़ा भी हुआ। इसके बाद राजेंद्र ने बताया कि पड़ोसन ब्लैकमेल कर रही है। पीछा छुड़ाने की एवज में कैश और गहनों की डिमांड कर रही है। पत्नी बोली- सेटलमेंट करने घर से निकले थे राजेंद्र लक्ष्मी ने बताया- 29 अगस्त को शाम करीब 4:30 बजे पति राजेंद्र घर से गए थे। घर से जाते समय बताया था कि पड़ोसन अपने पति के साथ मिलकर जान से मारने की धमकी दे रही है। 8 लाख रुपए और सोने-चांदी के गहने लेकर दोनों को देने जा रहा हूं। मामला सेटल हो जाएगा। देर शाम को पड़ोसन का पति हाथ में चाकू लेकर मेरे घर आया। पति राजेंद्र के बारे में पूछा और उनको जान से मारने की धमकी दी। घर पर पति राजेंद्र के नहीं मिलने पर आरोपी गुस्से में चला गया। आखिरी बार वीडियो कॉल पर की थी बात 29 अगस्त को शाम तक मेरे पति घर नहीं लौटे। रात करीब 10:30 बजे वीडियो कॉल पर आखिरी बार बात हुई थी। बात करते समय राजेंद्र बहुत रो रहे थे। रोते हुए उन्होंने कहा था- मेरा दिमाग काम नहीं कर रहा। इसके बाद मोबाइल बंद कर दिया। अगले दिन 30 अगस्त को पुलिस को फनकिंगडम के पास राजेंद्र की लाश मिली। वहीं करीब 5 किलोमीटर दूर दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन की पार्किंग में घर से लेकर निकली एक्टिवा स्कूटी खड़ी मिली। लक्ष्मी ने बताया- राजेंद्र के सुसाइड का पता चलने पर आरोपी पति-पत्नी घर लॉक कर भाग गए हैं। पुलिस की ओर से आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
