सीकर जिले की रहने वाली युवती की सगाई एक युवक ने तुड़वा दी। उसने लड़के वालों को फोन कर दोनों के रिश्ते के बारे में बता दिया। युवती करीब 6 साल पहले दोस्त की शादी में गई थी। वहां युवक से मुलाकात हुई थी और दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी। युवती (30) ने शनिवार को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया- युवक से कई बार फोन पर बातचीत होती थी। ऐसे में हम एक-दूसरे को पहचानने लगे। साल 2022 में नौकरी के सिलसिले में सीकर से बाहर चली गई थी। इस दौरान मैंने अपनी पढ़ाई जारी रखी। करीब 2 साल पहले मुझे रुपयों की जरूरत पड़ी तो मैंने युवक से रुपए उधार मांगे। उसने मेरे खाते में पैसे डाल दिए और एक खाली चेक ले लिया। इसके बाद हम दोनों के बीच लड़ाई हो गई तो अलग हो गए। युवती ने बताया- इस साल मार्च-अप्रैल में मेरी शादी की बात चलने लगी तो युवक ने लड़के वालों को फोन कर हमारे बारे में बता दिया। साथ ही मुझे धमकी दी कि वह पूरे परिवार को मोहल्ले में बदनाम कर देगा और 50-50 लाख का नोटिस देगा। युवक ने मेरे साइन किए हुए चेक का भी गलत यूज किया। 3 साल पहले फेल हो गई थी, युवक के कहने पर घर नहीं गई युवती ने शिकायत में बताया- साल 2023 में मेरी छोटी बहन भी नौकरी के लिए मेरे पास आ गई थी। हम दोनों किराए के एक मकान में रहने लगे। युवक भी उसी शहर में रहता था। वह कई बार मिलने हमारे मकान पर आता था। ऐसे में मेरी बहन को भी वह जानने लग गया। इस दौरान मैं उस युवक के साथ रिलेशनशिप में आ गई थी। साल 2023 में जब एग्जाम का रिजल्ट आया तो मैं फेल हो गई। इस पर मैंने वापस सीकर आने का मन बना लिया, लेकिन युवक के कहने पर मैं दूसरे शहर में ही रही। पैसों की तंगी होने पर दिए रुपए युवती ने बताया- करीब 2 साल पहले मैंने युवक को बताया कि मेरे पास पैसों की तंगी है। इस पर युवक ने कहा- वह पैसे दे देगा, बदले में ब्लैंक चेक पर साइन करके दे देना। इस पर मैं उसकी बातों में आ गई। युवती ने बताया- युवक ने बिना कहे करीब 3.25 लाख रुपए परिचित लोगों से मेरे खाते में ट्रांसफर करवा दिए। जब मैंने इस बारे में पूछा तो उसने कहा कि तुम्हारे अकाउंट में रहने दो। मुझे जरूरत होगी तो मैं ले लूंगा। युवती ने बताया- कुछ समय बाद युवक के कहने पर 1.50 लाख रुपए उसकी मां के अकाउंट और 1.50 लाख अन्य बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए थे। रिलेशनशिप के दौरान मैं, मेरी छोटी बहन और युवक कई जगह घूमने गए थे। इस दौरान फोटो भी क्लिक करवाई। घर आ गई तो परेशान करने लगा युवक युवती ने बताया- साल 2025 में मेरे और युवक के बीच झगड़ा हो गया तो मैंने युवक से दूरी बना ली। इसके बाद वह किराए के मकान में आकर धमकियां देने लगा। इसके बाद मैं शहर छोड़कर अपने घर आ गई। घरवालों ने मेरे लिए एक रिश्ता देखा। जब इस बात की जानकारी युवक को लगी तो उसने मुझे धमकी दी कि दोनों के रिश्ते के बारे में तेरे घरवालों को बता दूंगा। इन धमकियों से मैं परेशान हो गई और मैंने अपने घरवालों को इसके बारे में बताया। घरवालों ने युवक के बारे में जानकारी की तो पता चला कि वह लड़का ठीक नहीं है। मामले की जांच कर रही सब इंस्पेक्टर ललिता यादव ने कहा- युवती की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।