Weather Update : वर्तमान में उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी व आस-पास के लगे पश्चिम बंगाल, उड़ीसा तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र (LOW) बना हुआ है। इसके आगामी 24 घंटों में तीव्र होकर वेल मार्क लो प्रेशर एरिया (WML) बनने की प्रबल संभावना है। उधर मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि सितंबर माह की शुरूआत में राजस्थान में झमाझम बरसात हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश भागों में आगामी 4-5 दिन कमजोर मानसून परिस्थितियां जारी रहने की संभावना है। हालांकि, उत्तर-पूर्वी व पूर्वी भागों में 3 सितंबर से बारिश का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है। 4 से 7 सितंबर के दौरान भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर व उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।
