उदयपुर जिले में 2 बाइकों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में जीजा-साला सहित 3 युवकों की मौत हो गई। एक युवक घायल हो गया। हादसा उदयपुर शहर से करीब 65 किमी दूर ओगणा थाना क्षेत्र में गोगुंदा-ओगणा रोड पर रविवार दोपहर 2 बजे हुआ। दोनों बाइक की स्पीड इतनी तेज थी कि भिड़ंत के बाद बाइक पर बैठे युवक उछलकर करीब 20 फीट दूर गिरे। उनके सिर फट गए। हाथ और पैर में गंभीर चोट लगी। घायल युवक को गोगुंदा से उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रेफर किया गया। ओगणा थाने के कॉन्स्टेबल मांगीलाल ने बताया- पोस्टमॉर्टम करवाकर तीनों के शव परिजनों को सौंप दिए। घायल युवक का इलाज जारी है। उसकी हालत खतरे से बाहर है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव लौट रहे थे तीनों युवक अंबावा ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच साजूराम गरासिया ने बताया- झाग गांव निवासी शंभुराम पुत्र होमाराम, छगनलाल पुत्र देवा गमेती और कुंती कालेवा निवासी बाटूराम पुत्र हुसा गरासिया एक ही बाइक पर थे। तीनों झाग की तरफ आ रहे थे। दूसरी बाइक पर झाग गांव निवासी होनाराम पुत्र नवाराम ओगणा से गोगुंदा की तरफ आ रहा था। इस दौरान दोनों बाइक आमने-सामने भिड़ गई। दोनों बाइक पर बैठे चारों युवक सड़क पर गिर गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने शंभुराम, छगनलाल और बाटूराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं होनाराम घायल है। हादसे के बाद मौके पर लोग इकट्‌ठा हो गए। इससे ट्रैफिक जाम के हालात बन गए। रक्षाबंधन पर आए थे घर शंभुराम, छगनलाल का जीजा था। बाटूराम इन दोनों का साथी था। तीनों सिरोही में किसी फैक्ट्री में काम करते थे। रक्षाबंधन पर तीनों घर आए हुए थे। तीनों बाइक से किसी काम से बाजार गए थे। हादसे से पहले उन्होंने बाइक में पेट्रोल भी भरवाया था। इनपुट: गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा … यह खबर भी पढ़ें… दो गाड़ियों के बीच फंसी स्विफ्ट,नवजात समेत 3 की मौत:2 दिन पहले हुआ था बच्ची की जन्म, हॉस्पिटल से घर जा रहा था परिवार बीकानेर के भड़ल गांव में एक्सीडेंट के कारण दो गाड़ियों के बीच फंसी स्विफ्ट कार में एक नवजात सहित तीन लोगों की मौत हो गई। परिवार प्रसूता और 2 दिन की मासूम को हॉस्पिटल से लेकर घर लौट रहा था। पूरी खबर पढ़ें…