आगामी निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी पहली महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बाड़मेर रोड स्थित धनदेव रिसोर्ट में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का सम्मेलन संपन्न हुआ। बैठक की अध्यक्षता जैसलमेर विधानसभा प्रभारी चिरंजीवलाल वर्मा ने की। बैठक में जैसलमेर जिले के दोनों नगरीय निकायों में पार्टी का बोर्ड बनाने और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पार्टी के अंदर लंबे समय से चली आ रही गुटबाजी को खत्म करने की दिशा में बड़ा संदेश दिया गया। अब आपस में नहीं लड़ेंगे फकीर- धनदेव गुट बैठक में जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि निकाय चुनाव में पार्टी एकजुट होकर मैदान में उतरेगी। अमरदीन फ़कीर बोले- हम पिछली गलतियां नहीं दोहराएंगे। अब फ़कीर और धनदेव गुट आपस में नहीं लड़ेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव में पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव ही टिकट बांटेंगे और जिलाध्यक्ष के नाते वे केवल उन टिकटों पर साइन करके देंगे। उनका मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान देना और पार्टी का बोर्ड बनाना है। जमीन से जुड़े कार्यकर्ताओं को मिलेगी प्राथमिकता जैसलमेर विधानसभा प्रभारी चिरंजीवलाल वर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा एकमात्र लक्ष्य नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनाना होना चाहिए। कार्यकर्ता आज से ही दिन-रात एक करके अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को पार्टी से जोड़ें। पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में सर्वे कराया जाएगा। जो कार्यकर्ता विपरीत परिस्थितियों में भी पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा रहा है और निष्ठावान है, उसे ही चुनाव में प्राथमिकता दी जाएगी। बहुमत के बाद भी जिला प्रमुख भाजपा का बना था दरअसल, पिछले निकाय चुनावों में कांग्रेस ने कमलेश छंगाणी को सभापति की टिकट दी थी। मगर फकीर गुट ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर सभापति का फॉर्म भरने वाले हरिवल्लभ कल्ला को अपना समर्थन दिया था। हरिवल्लभ कल्ला सभापति का चुनाव जीत गए और उन्होंने कांग्रेस की सदस्य्ता लेकर कांग्रेस ज्वाइन कर ली। इस लड़ाई के बाद इनकी आपसी खींचतान काफी बढ़ गई थी जिसका परिणाम कांग्रेस को पंचायती राज चुनाव में भुगतना पड़ा था। कांग्रेस के पास बहुमत होते हुए भी जिला प्रमुख बीजेपी के प्रताप सिंह बने। बताया जा रहा है कि कांग्रेस की तरफ से क्रॉस वोटिंग हुई थी। वहीं कांग्रेस के सभापति हरिवल्लभ कल्ला ने बीच में बीजेपी का दामन थाम लिया। जिससे फकीर परिवार व कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। इसके बाद इनकी खींचतान लम्बी चली, मगर अमरदीन फकीर ने जिलाध्यक्ष बनने के बाद रूपाराम धनदेव के घर जाकर आपसी खटास को कम करने का प्रयास किया, और अब बताया जा रहा है कि दोनों ही गुट एक साथ ही कदमताल कर रहे हैं। नगर निकाय व पंचायतीराज चुनावों को लेकर कांग्रेस की बड़ी बैठक 3 को आगामी नगर निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी, जैसलमेर की एक महत्वपूर्ण बैठक 3 अगस्त (सोमवार) को सुबह 11 बजे होटल द फर्न में होगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर की अध्यक्षता में आयोजित होने जा रही इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी नगर निकाय और पंचायतीराज चुनावों के लिए संगठन की ठोस रणनीति तैयार करना है। जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने बताया- बैठक में बूथ स्तर तक पार्टी संगठन को मजबूत बनाने, चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने, व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने तथा स्थानीय जनहित के ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया जाएगा। साथ ही, प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्राप्त दिशा-निर्देशों के आधार पर आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी।