सीकर जिले में साइबर ठगों ने वाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए एक युवक को अपने जाल में फंसाकर 10.54 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोप है कि एक महिला ने वीडियो कॉल के दौरान रिकॉर्डिंग की, फिर उसे एडिट कर आपत्तिजनक तस्वीरों और न्यूज जैसी तस्वीरों के साथ जोड़ दिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवक से लगातार पैसे वसूले गए। युवक वर्तमान में विदेश में रहता है, जिसके पिता ने साइबर थाना पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाया है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है। नौकरी के सिलसिले से विदेश में रहता है युवक इस संबंध में युवक के पिता ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि उनका बेटा नौकरी के सिलसिले में वर्तमान में विदेश रहता है। 6 अप्रैल 2026 को उनके बेटे के पास वाट्सएप पर अनजान नंबरों से वीडियो कॉल आया। वीडियो कॉल पर एक महिला दिखाई दे रही थी। कुछ देर बाद ही वीडियो कॉल कट हो गया। इसके बाद अलग-अलग नंबरों से उनके बेटे के पास वाट्सएप पर मैसेज आने लगे। जब युवक के द्वारा वीडियो कॉल उठाया गया था, उसी टाइम की फोटो और वीडियो क्लिक करके उन्हें एडिट करके न्यूड तस्वीरें और वीडियो जोड़ दिए गए। बाद में इन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू किया गया। बदमामी के डर से युवक ने साइबर ठगों को अकाउंट में डाले रुपए बदनामी के डर से युवक ने ठगों के द्वारा बताए गए अलग-अलग अकाउंट्स में रुपए ट्रांसफर कर दिए। तीन महीने में आरोपियों के द्वारा करीब 10 लाख 54 हजार 800 रुपए ट्रांसफर करवा लिए गए। पहले तो युवक ने यह बात किसी को नहीं बताई। लेकिन ठगों के द्वारा लगातार परेशान करने के बाद युवक ने यह बात पिता को बताई और फिर पिता ने पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाया है।

You missed