जैसलमेर शहर के बड़ाबाग रोड पर मंगलवार शाम को रॉन्ग साइड से आ रहे एक तेज रफ्तार टाटा 407 ट्रक ने बाइक सवार राशन डीलर को कुचल दिया। भीषण हादसे में किशनघाट के राशन डीलर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। ‘फॉलो-अप ग्रामीण सेवा शिविर’ से लौट रहे थे
पुलिस ने बताया कि बिसानी पाड़ा निवासी कमल किशोर प्रजापत(50) किशनघाट में राशन डीलर थे। वे ग्राम पंचायत बड़ाबाग में आयोजित ‘फॉलो-अप ग्रामीण सेवा शिविर’ में अपनी ड्यूटी निपटाकर अपने साथी रेंवताराम पंवार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ाबाग रोड पर गलत दिशा से आए बेकाबू ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और रौंदते हुए निकल गया। लोगों से मिली सूचना पर कोतवाली पुलिस और 108 एम्बुलेंस घटना स्थल पहुंची। मृतक कमल किशोर के शव को जवाहिर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया, जबकि घायल रेंवताराम का हॉस्पिटल में इलाज जारी है। शहर कोतवाल सूरजाराम चौधरी ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार ट्रक ड्राइवर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
