गुढ़ा गौड़जी कस्बे में करीब दो महीने पहले हुए चर्चित गोलीकांड मामले को लेकर अब नया मोड़ आ गया है। इस प्रकरण में स्थानीय युवक प्रशांत शर्मा का नाम घसीटने और सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ झूठे वीडियो व पोस्टर वायरल कर छवि धूमिल करने की गहरी साजिश सामने आई है। इस राजनीतिक द्वेषतापूर्ण कार्रवाई के विरोध में सर्व समाज गुढ़ागौड़जी के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सर्व समाज के दर्जनों लोगों ने पुलिस थाने पहुंचकर थानाधिकारी गौरव प्रधान को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
यह है पूरा मामला थानाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, गुढ़ागौड़जी थाने में दर्ज FIR No. 124/26 (जो कि 4 अप्रैल 2026 को भोड़की चौराहे पर हुए गोलीकांड से संबंधित है। इस मर्डर में प्रशांत शर्मा का दूर-दूर तक कोई रोल नहीं है। इसके बावजूद, सोशल मीडिया पर एक वीडियो और पोस्टर वायरल कर उसे इस कांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। सर्व समाज ने आरोप लगाया कि इस पूरे षड्यंत्र के पीछे रोहित खराड़िया नाम का युवक और कुछ अन्य राजनीतिक लोग हैं। रोहित खराड़िया खुद इस मामले में जेल जा चुका है। पुलिस पूछताछ और गिरफ्तारी के दौरान भी रोहित ने प्रशांत शर्मा का कोई नाम नहीं लिया था, और न ही मूल एफआईआर में प्रशांत का नाम शामिल है। प्रशांत शर्मा का रिकॉर्ड बेदाग, रोहित आदतन बदमाश ज्ञापन में बताया गया है कि प्रशांत शर्मा के खिलाफ आज तक किसी भी थाने में कोई आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज नहीं है। उसे केवल राजनीतिक द्वेषता के चलते बदनाम किया जा रहा है। ज्ञापन वीडियो वायरल करने वाला व्यक्ति एक आदतन बदमाश है, जो कई बार जेल जा चुका है। गुढ़ा गौड़जी थाने में ही उसके खिलाफ लूट, जानलेवा हमला और आगजनी जैसी गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। इस पूरे मामले पर गुढ़ा थानाधिकारी गौरव प्रधान ने कहा कि गुढागौड़जी कस्बे के कुछ लोगों (सर्व समाज) द्वारा एक ज्ञापन दिया गया है। इसमें बताया गया है कि रोहित खराड़िया नाम के शख्स द्वारा करीब दो महीने पहले हुए गोलीकांड को लेकर सोशल मीडिया पर एक एप्लीकेशन और वीडियो वायरल किया जा रहा है, जिसमें प्रशांत शर्मा नाम के युवक को मुख्य अभियुक्त बताया जा रहा है। थानाधिकारी ने बताया कि जब हमने इस मामले की जानकारी की, तो सामने आया है कि न तो एफआईआर (FIR) में और न ही अब तक की पुलिस जांच में प्रशांत शर्मा का कोई नाम है। इस प्रकरण की जांच वर्तमान में सीओ साहब (CO) नवलगढ़ द्वारा की जा रही है। इस मौके पर संजय, आयुष, रोहित, कपिल शर्मा, आशीष, रामसिंह, हिमांशु, विनोद कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।
