श्रीगंगानगर में अनियंत्रित कार पेड़ से टकराने से पति-पत्नी की मौत हो गई। दोनों श्रीगंगानगर से दवाई लेकर पदमपुर जा रहे थे, इस दौरान रत्तेवाला के पास हादसा हो गया। घटना पदमपुर थाना क्षेत्र में पदमपुर-श्रीगंगानगर हाइवे की है। मृतक दंपति की पहचान लखबीर सिंह (50), व निर्मल कौर (45) के रूप में हुई है। दोनों 1-जेजे, पदमपुर (श्रीगंगानगर) के रहने वाले थे। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। हॉस्पिटल जा रहे थे दंपती जानकारी के अनुसार, लखबीर सिंह अपनी पत्नी के साथ श्रीगुरु अर्जन देवजी के शहीदी दिहाड़े पर गांव के गुरुद्वारा साहिब में दोपहर को माथा टेकने के बाद श्रीगंगानगर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल से दवाई दिलाने के लिए गया था। शाम के करीब 4:30 बजे वह श्रीगंगानगर से पदमपुर की तरह वापस आ रहा था। इसी दौरान गांव रत्तेवाला के पास उनकी बेकाबू होकर कार पेड़ से टकरा गई। घटना में लखबीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि निर्मल कौर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आस-पास के लोगों ने घायलों को पदमपुर के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया जहां निर्मल कौर ने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीण हॉस्पिटल पहुंचे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस एक्सीडेंट के कारणों का पता लगाने में जुटी है।