कोतवाली थाना पुलिस एक युवक को अवैध गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई DSP सिटी गोपाल सिंह ढाका के सुपरविजन में कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार मील की टीम की ओर से की गई। DSP गोपाल ढाका ने बताया कि 18 जून 2026 को कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार मील को मुखबिर (गुप्तचर) से पुख्ता सूचना मिली कि हाइवे बाईपास रोड पर स्थित ‘होटल सिगड़ी’ के पास जैकी नाम का एक लड़का बैठा है। उसके पास अवैध मादक पदार्थ (गांजा) है और वह उसे किसी को बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी मय टीम के तुरंत एक्शन में आए और होटल सिगड़ी के पास पहुंचे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को दबोच लिया। 93 ग्राम गांजा बरामद, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज पुलिस ने जब पकड़े गए युवक की तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 93 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जैकी (उम्र 22 वर्ष) पुत्र महेंद्र सिंह, निवासी गोगामेड़ी के पास, वारिसपुरा (थाना सदर, झुंझुनू) बताया। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी जैकी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
