ब्यावर की रायपुर थाना पुलिस ने एक मकान में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और वारदात में प्रयुक्त बुलेट बाइक सहित करीब 5 लाख रुपए का माल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में उप कारागृह जैतारण भेज दिया गया है। रात में घर में घुसकर चुराए थे जेवर और नकदी पुलिस के अनुसार, ग्राम पाबूर कीरो की ढाणी निवासी ढगलाराम पुत्र भीखाराम कीर ने 17 मई 2026 को रायपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 15 मई की रात वह घर के बाहर सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर थे। 16 मई की रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात चोर मकान में घुस गए और कमरे व लोहे के बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा 50 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए। विशेष टीम गठित कर शुरू की गई जांच मामले में प्रकरण संख्या 94/2026 धारा 331(4) एवं 305ए बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुकृति उज्जैनिया और वृत्ताधिकारी रायपुर बंशीलाल पाण्डर के सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। पूछताछ में कबूला जुर्म, बरामद हुआ चोरी का सामान जांच के दौरान पुलिस ने पाबूर कीरो की ढाणी, रायपुर निवासी अशोक पुत्र शेषाराम कीर (29) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर सोने की कंठी, सोने का टीका, जोधा बाली, चांदी की पुनछा, 11 नग चांदी की बिछुड़ियां, चांदी की गले की चेन तथा 25 हजार रुपए नकद बरामद किए गए। वारदात में प्रयुक्त बुलेट भी जब्त पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बुलेट बाइक संख्या आरजे-68 ई-9595 भी जब्त कर ली है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
