जोधपुर के मथानिया कस्बे की अर्पिता डागा ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) परीक्षा में देशभर में चौथी रैंक (All India Rank 4) हासिल की है। अर्पिता के पिता जयप्रकाश डागा भी सीए हैं, जबकि उनकी छोटी बहन भी अभी सीए की ही पढ़ाई कर रही है। परिवार के सदस्यों के अनुसार, अर्पिता शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। उन्होंने इससे पहले सीए इंटरमीडिएट की परीक्षा में भी अखिल भारतीय स्तर पर चौथी रैंक हासिल की थी। अर्पिता ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार के मार्गदर्शन, शिक्षकों के सहयोग और नियमित अध्ययन को दिया है। अर्पिता की यह उपलब्धि कस्बे के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। क्षेत्र के शिक्षाविदों और वरिष्ठजनों ने इसे मथानिया के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण बताया है। सफलता की खबर मिलने के बाद मथानिया सहित जोधपुर जिले में बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों, समाज के लोगों और शुभचिंतकों ने उनके घर पहुंचकर शुभकामनाएं दीं। अनुष्का भूतड़ा ने 34वीं रैंक हासिल की जोधपुर की अनुष्का भूतड़ा ने सीए (CA) परीक्षा में ऑल इंडिया 34वीं रैंक हासिल की है। अनुष्का ने बताया कि इस सफलता के लिए उन्होंने नियमित रूप से रोज 6 से 7 घंटे पढ़ाई की। अनुष्का के अनुसार, वे सोशल मीडिया से पूरी तरह दूर रहती हैं और उनका किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कोई अकाउंट नहीं है। उन्हें नोवेल्स (उपन्यास) और किताबें पढ़ना पसंद है। उनके परिवार में उनके दादाजी और बड़ी बहन भी सीए (CA) हैं, जिनसे प्रेरित होकर उन्होंने सीए बनने का फैसला लिया। परीक्षा परिणाम आने के बाद परिवार के लोगों ने उनका मुंह मीठा कराकर शुभकामनाएं दीं। अनुष्का के पिता गिरीश भूतड़ा बिजनेसमैन हैं, जबकि मां एकता गृहिणी हैं। उनकी बड़ी बहन प्रिया भी सीए हैं। अनुष्का की मां ने बताया कि अनुष्का बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रही हैं।