कोटा ग्रामीण पुलिस ने ऑपरेशन क्रिमिनल डस्टिंग के तहत एक शातिर मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की गई 11 बाइक बरामद हुई हैं। आरोपी ने कोटा ग्रामीण, कोटा शहर और झालावाड़ के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस एसपी सुजीत शंकर ने बताया- जिले में बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था। मामले की शुरुआत 15 मई को हुई, जब कुम्भकोट निवासी लालचंद मेघवाल ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, बीटीएस डेटा, मोबाइल कॉल डिटेल्स और मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने झालावाड़ जिले के गुराड़िया जोगा निवासी रूद्रेश उर्फ रुद्राक्ष (19) को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने कई वाहन चोरी की वारदातें कबूल कीं। आरोपी ने रामगंजमंडी, सुकेत, खातौली, जवाहर नगर, महावीर नगर, गुमानपुरा और झालरापाटन सहित विभिन्न क्षेत्रों से कुल 11 मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। बरामद वाहनों में 5 मोटरसाइकिलें कोटा ग्रामीण, 3 कोटा शहर, 1 झालावाड़ और 2 अन्य क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। पुलिस ने चोरी की सभी 11 मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी का मामला दर्ज है, जिसमें मोटरसाइकिल और स्कूल से एलईडी चोरी करने का आरोप है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।