खैरथल में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को एक दिवसीय जिलास्तरीय प्राकृतिक खेती कार्यशाला हुई। कार्यशाला में जिले भर से लगभग 300 पुरुष एवं महिला कृषकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला का शुभारंभ संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार, जिला परिषद खैरथल-तिजारा पी.सी. मीणा ने अतिथियों का स्वागत कर किया। उन्होंने प्राकृतिक खेती की आवश्यकता, महत्व और इसके दीर्घकालिक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। तकनीकी सत्र में कृषि विज्ञान केंद्र गूंता-बानसूर के प्रिंसिपल साइंटिस्ट एवं प्रभारी सुशील कुमार शर्मा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से प्राकृतिक खेती के विभिन्न घटकों की विस्तृत जानकारी दी। वहीं उपनिदेशक पशुपालन डॉ. राजेंद्र कुमार ने प्राकृतिक खेती में पशुपालन की महत्वपूर्ण भूमिका को समझाया। प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसान सूरजभान गुर्जर ने अपने अनुभव साझा करते हुए किसानों के प्रश्नों के उत्तर दिए और खेती में आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी दी। कार्यशाला का संचालन सहायक कृषि अधिकारी मनोज कुमार जैन एवं दिनेश तक्षक ने किया। इस अवसर पर उपनिदेशक उद्यान के.एल. मीणा, सहायक निदेशक कृषि मुख्यालय पवन यादव, कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार, पूर्ण यादव, अंकित चौधरी, विष्णु चौधरी, सूरज कंवर सहित कृषि विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। रश्मि शर्मा ने अपने संबोधन में प्राकृतिक खेती को पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय वृद्धि का प्रभावी माध्यम बताते हुए इसे अपनाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि महासिंह चौधरी ने रसायन मुक्त खेती पर जोर देते हुए किसानों से प्राकृतिक खेती को जन आंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “खेत बचाओ, मृदा बचाओ, जल बचाओ” संकल्प को अपनाने का संदेश दिया। डॉ. अंजली यादव, रामकिशन, इंद्र यादव और अनूप यादव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए प्राकृतिक खेती को समय की आवश्यकता बताया। कार्यशाला के अंत में किसानों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक कार्यशालाओं के नियमित आयोजन की मांग की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष महासिंह चौधरी रहे। विशिष्ट अतिथियों में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव की प्रतिनिधि रश्मि शर्मा, रामकिशन, इंद्र यादव, डॉ.अंजली यादव, अनूप यादव तथा भाजपा जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष अभय सिंह विधूड़ी उपस्थित रहे।
