समदड़ी-लूनी रेलखंड के बीच सतलाना यार्ड में तकनीकी कार्य के चलते रविवार को 5 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेल प्रशासन फाटक संख्या 227 पर रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण कार्य कर रहा है। इसके लिए किए जा रहे ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि इस दौरान 1 ट्रेन रद्द, 2 आंशिक रूप से रद्द और 2 ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि रविवार को ट्रेन संख्या 74839,भगत की कोठी-बाड़मेर डेमू रद्द रहेगी,जबकि सोमवार को ट्रेन संख्या 74840 बाड़मेर-भगत की कोठी डेमू का संचालन नहीं होगा। इसके अलावा ट्रेन संख्या 14896,बाड़मेर-भगत की कोठी एक्सप्रेस रविवार को भगत की कोठी तक नहीं जाकर समदड़ी तक संचालित होगी। वहीं ट्रेन संख्या 14893,भगत की कोठी-पालनपुर एक्सप्रेस भगत की कोठी के स्थान पर समदड़ी से पालनपुर के बीच चलेगी। साबरमती-जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से साथ ही 14 जून को ट्रेन संख्या 20485/20486 साबरमती-जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस को महेसाना-मारवाड़ जंक्शन-लूनी के परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। परिवर्तित मार्ग में ट्रेन ऊंझा,सिद्धपुर,पालनपुर,आबूरोड,पिंडवाड़ा,सुमेरपुर,जवाई बांध,फालना,रानी,मारवाड़ जंक्शन और पाली मारवाड़ स्टेशनों पर ठहराव करेगी। जबकि पाटन,भीलड़ी,धनेरा, रानीवाड़ा,मोकलसर,समदड़ी और दुंदाड़ा स्टेशनों पर नहीं जाएगी।
