जयपुर में 5 साल की बच्ची की हत्या कर दी गई। बच्ची का शव पड़ोसी के घर में बेड के अंदर मिला है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पड़ोसी महिला बच्ची को ले जाते नजर आ रही। आपसी अनबन या रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया- शनिवार दोपहर 12 बजे से बच्ची लापता थी। इसके करीब आधे घंटे बाद परिवार ने कंट्रोल रूम में शिकायत दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो परिवार ने पड़ोसी पर शक जताया। पड़ोसी के घर की तलाशी में बच्ची का शव मिला। पुलिस ने महिला और उसके पति को हिरासत में ले लिया है। बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया है। CCTV में महिला के साथ दिखी बच्ची
बच्ची के पिता ने बताया- बेटी शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घर से निकली थी। घर के बाहर गली में आरोपी महिला के बच्चों के साथ खेल रही थी। CCTV फुटेज में बच्ची अन्य बच्चों के साथ उसके घर में जाती दिखी, लेकिन वहां से बाहर निकलते हुए उसका कोई फुटेज नहीं मिला। इसी आधार पर शक हुआ। पानी भरने को लेकर हुआ था विवाद
बच्ची के पिता ने बताया- आरोपी महिला और उनकी पत्नी के बीच करीब 3-4 महीने पहले पानी भरने को लेकर विवाद हुआ था। आरोपी महिला पहले उनके घर से पानी भरती थी, लेकिन मेरी भाभी ने पानी भरने से मना कर दिया था। हालांकि, इसके बाद दोनों पक्षों में कभी कोई वाद-विवाद या झगड़ा नहीं हुआ था। हत्या के बाद शव कंबल में लपेटा
पिता ने बताया- बेटी का शव परिजनों को पुलिस की मौजूदगी में दोपहर करीब 3 बजे आरोपी महिला के घर से मिला। बेटी की हत्या करने के बाद उसे कंबल में लपेटा गया, फिर बेड के अंदर डालकर ऊपर से गद्दा रख दिया गया था। कमरे को बाहर लगा रखा था ताला
पिता ने बताया- महिला ने जिस कमरे में बच्ची की लाश को बेड के अंदर छुपाया था, उसके गेट पर ताला लगा रखा था और किसी को भी अंदर नहीं जाने दे रही थी। हालांकि, पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर ताला खुलवाया और बच्ची का शव बरामद किया। इससे पहले बच्ची के लापता होने पर परिजनों ने पुलिस कंट्रोल रूम में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला के घर की तलाशी ली गई।