जयपुर के चाकसू में रोडवेज बस ओवरटेक की कोशिश में आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस दौरान ट्रक बेकाबू हो गया और आगे चल रही बाइक को चपेट में ले लिया। ट्रक की टक्कर के बाद बाइक सवार पति-पत्नी लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़े। अस्पताल में डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक दंपती का बेटा अग्निवीर है। घटना दोपहर करीब 2 बजे नेशनल हाईवे-52 पर कोथून गांव के पास हुई। रोडवेज बस के ओवरटेक करने से बेकाबू हुआ ट्रक चाकसू थानाधिकारी मनोहर लाल मेघवाल ने बताया – कोथून निवासी रामेश्वर जाट (48) अपनी पत्नी ममता (44) के साथ खेत पर पशुओं का चारा लेने गए थे। दोनों बाइक पर चारा लेकर वापस घर लौट रहे थे। इस बीच चाकसू से जयपुर की ओर जा रही टोंक डिपो की बस ने ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान बस का अगला हिस्सा ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया। टक्कर के बाद बस भी बेकाबू होकर डिवाइडर की दूसरी ओर चली गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बेकाबू ट्रक ने आगे चल रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बाइक सवार दंपती लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़े। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल दंपती सड़क किनारे पड़े हुए थे। दोनों के शरीर पर गहरी चोटें आई थी। मौके पर मौजूद लोगों ने दंपती को सीपीआर देकर जान बचाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस और ग्रामीणों की मदद से पति-पत्नी को चाकसू अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। हादसा दंपती के घर से महज 700 मीटर की दूरी पर हुआ। घटना के बाद रोडवेज बस में मौजूद यात्रियों को दूसरी बस से भेजा गया। पुलिस ने ट्रक और बस को जब्त कर थाने में खड़ा किया है। दो साल पहले अग्निवीर जवान बना था बेटा मृतक के रिश्तेदार सीताराम ने बताया – रामेश्वर का परिवार खेती-बाड़ी पर निर्भर था। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। रामेश्वर के तीन बच्चे हैं। सबसे छोटा बेटा दो साल पहले ही अग्निवीर के तहत सेना में भर्ती हुआ था। अभी उसकी अरुणाचल प्रदेश में पोस्टिंग है। दोनों बड़ी बेटियां पढ़ाई कर रही हैं। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने अभी तक बेटे को हादसे की जानकारी नहीं दी है। वहीं, बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा है। यह खबर भी पढ़ें किराया मांगा तो मकान मालिक को 4 गोली मारी:बोला- तेरा खेल खत्म कर दूंगा; 2 साल से नहीं दिया था रेंट पाली के सोजत रोड इलाके में किराया मांगने पर किरायेदार ने मकान मालिक पर एक के बाद एक चार गोलियां चला दीं। आरोपी ने दो साल से किराया नहीं दिया था। मंगलवार सुबह मकान मालिक ने किराया मांगा तो किरायेदार रिवॉल्वर लेकर आया और बोला- तेरा खेल खत्म कर दूंगा। ( पूरी खबर यहां पढ़ें)
