अलवर जिले के राजगढ़-बांदीकुई रेलवे लाइन पर देर रात वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से 18 साल के युवक की मौत हो गई। घटना माता जी के नाले के पास हुई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। वहीं, राजगढ़ पुलिस और रेलवे पुलिस (जीआरपी) भी घटनास्थल पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। जीआरपी हेड कॉन्स्टेबल सरदार सिंह गुर्जर ने बताया- राजगढ़ रेलवे स्टेशन मास्टर से सूचना मिली थी कि दिल्ली से जयपुर जा रही वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। सूचना पर पुलिस टीम रात में ही मौके पर पहुंची। शव को राजगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया गया। बाजार से सामान लेने गया था युवक शुक्रवार सुबह मृतक की पहचान थानाराजाजी निवासी दीपांशु वर्मा (18) पुत्र भगवान सहाय वर्मा के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता भगवान सहाय वर्मा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार को उनका बेटा दीपांशु राजगढ़ बाजार में सामान लेने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। बाद में सूचना मिली कि उसकी वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई है। पुलिस कर रही जांच पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और युवक के ट्रेन की चपेट में आने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।