गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा है कि अगर हम समय रहते सचेत नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ी हमें माफ नहीं करेगी। आज हम खेती नहीं, पाप कर रहे हैं। उन्होंने कहा- हरित क्रांति के जनक एम स्वामीनाथन ने उस समय की जरूरत के हिसाब से ढाई एकड़ में 13 किलो नाइट्रोजन डालने की सिफारिश की थी। लेकिन आज हरियाणा-पंजाब का किसान एक एकड़ में 13 कट्टे यूरिया डाल रहे हैं। विनाश नहीं होगा तो क्या होगा, आपके द्वारा कितना कितना पाप किया जा रहा है। हमने करोड़ टन यूरिया डालकर कितनी ही पीढ़ियां बर्बाद कर दी। कितने ही जीव जंतु खत्म कर दिए। इस जमीन पर पैदा होने वाली फसल को आप और हम सब खाते हैं। वह जहर धीरे-धीरे हमारे अंदर जाता है, हमारे ऑर्गन फैलियर उसी से होते हैं। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत जयपुर के सवाई मान सिंह इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यशाला में बोल रहे थे। दरअसल, राजस्थान में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए बीजेपी किसान मोर्चा की ओर से आज जयपुर के सवाई मान सिंह इंडोर स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया है। सीएम बोले- हम अन्य राज्यों को बिजली बेच रहे सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि जब हम सरकार में आए तो हमने राजस्थान का नक्शा बनाया। नक्शे में देखा कि हमें सबसे ज्यादा आवश्यकता किसकी है। पहले हमने पानी पर काम किया, उसके बाद हमने बिजली पर काम किया। जो राज्य पिछले 40 सालों तक दूसरे राज्यों पर बिजली को लेकर निर्भर था। आज वह राज्य बिजली में आत्मनिर्भर बन गया है। इस बार हमने इस भीषण गर्मी में भी हमारे राज्य के मांग पूरी करके अन्य राज्यों को बिजली बेचने का भी काम किया है। सीएम ने कहा कि आज हम यूरिया का ज्यादा इस्तेमाल करके अपनी पीढ़ियों को क्या दे रहे हैं। हमारी आने वाली पीढ़ी कहेगी कि हमारे पूर्वजों में तो जमीन को सही रखा था। लेकिन हमसे पहले वाली पीढ़ी ने अपने स्वार्थ के लिए इसको बर्बाद कर दिया। सीएम ने कहा कि देश के किसानों को किसान सम्मान निधि के रूप में 6 हजार मिलते हैं। लेकिन प्रदेश के किसानों को हम 3 हजार रुपए अधिक दे रहे हैं। आने वाले समय में हम इसे 3 हजार और बढ़ाएंगे। प्रदेश के किसान को 12 हजार रुपए किसान सम्मान निधि के मिलेंगे। उन्होंने कहा कि गेंहू के समर्थन मूल्य पर 150 बोनस देने का काम हमने किया है, जो कहीं भी नही है। कैलाश चौधरी बोले- कलेक्टर का बेटा एक दिन कहेगा मैं किसान बनूंगा कार्यशाला में बीजेपी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्य्क्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा है की मोर्चा हर गांव-गांव जाकर किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करेगा। इसे लेकर मोर्चा प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्र में कार्यशाला आयोजित करेगा। प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में मॉडल गांव बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा- जल्द वह दिन आएगा। जब कलेक्टर का बेटा एक दिन कहेगा कि मैं कलेक्टर नहीं बनूंगा, मैं किसान बनूंगा। कैलाश चौधरी जयपुर के सवाई मान सिंह इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यशाला में बोल रहे थे। मदन राठौड़ बोले- पूत के पांव पालने में दिख जाते बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा- कैलाश चौधरी जब पहले किसान मोर्चा के अध्यक्ष थे तो उनका सीधा प्रमोशन हुआ। वह केंद्रीय मंत्री बन गए। फिर भागीरथ चौधरी किसान मोर्चा के अध्यक्ष बने और अब सीधे केंद्र में मंत्री बन गए। सांवरलाल जाट भी ऐसे ही आगे बढ़े थे। अब एक बार फिर कैलाश चौधरी किसान मोर्चा के अध्यक्ष हैं, उनकी नजरें ऊंची हैं। वो जिस तरह से मेहनत कर रहे हैं, उनकी इच्छा के अनुरूप वह जल्द ही आगे बढ़ेंगे। पूत के पांव पालने में दिख जाते हैं। बता दें कि कार्यशाला के मुख्य वक्ता गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत हैं। जो प्राकृतिक खेती के वैश्विक ब्रांड एंबेसडर माने जाते हैं। इसके अलावा राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, सीएम भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर भी मौजूद है। इस कार्यशाला में प्रदेशभर से आए प्रगतिशील किसान और कृषि विशेषज्ञ शिरकत कर रहे हैं। प्राकृतिक खेती की कार्यशाला में सभी ने किसानों को प्राकृतिक (नेचुरल) खेती और जैविक (ऑर्गेनिक) खेती के अंतर समझाया। यह बताया कि प्राकृतिक खेती जैविक खेती से ज्यादा फायदेमंद है। लेकिन मंच पर लगा पोस्टर प्राकृतिक खेती और जैविक खेती को एक ही बता रहा है। इस पर लिखा था, ‘गो ऑर्गेनिक गो हेल्दी’।
