आरएलपी ने गुरुवार को बालोतरा जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में जनसमस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बिजली, पेयजल संकट, जर्जर सड़कों और फसल बीमा क्लेम सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राज्यपाल के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। आरएलपी नेताओं ने बताया- जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोग पेयजल संकट और बिजली कटौती से जूझ रहे हैं। उन्होंने जर्जर सड़कों का मुद्दा भी उठाया, जिससे आमजन और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। नेताओं ने किसानों को फसल बीमा का समय पर भुगतान न मिलने से हो रहे आर्थिक संकट पर भी चिंता व्यक्त की। सरकार जनहित के मुद्दों की अनदेखी कर रही धरने को संबोधित करते हुए नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों की अनदेखी कर रही है और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो आरएलपी आने वाले दिनों में बड़ा जनआंदोलन करेगी। ये रहे मौजूद प्रदर्शन में आरएलपी के वरिष्ठ नेता थानसिंह डोली, ताजाराम और मगाराम बेनीवाल सहित कई पदाधिकारी तथा जिलेभर से सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ता रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरना देकर राज्य सरकार के प्रति विरोध दर्ज कराया।