कोटपूतली थाना पुलिस ने दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर नाकाबंदी के दौरान एक कार की तलाशी लेते हुए भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए और कार सवार पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, ये बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। एसपी सतवीर सिंह ने एक प्रेस वार्ता में इस मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया- नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार के अंदर से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, आठ जिंदा कारतूस और एक लोहे की रॉड बरामद हुई। पुलिस ने इन हथियारों को जब्त कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल की जा रही कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। हरियाणा से जयपुर आ रहे थे आरोपी पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए पांचों बदमाश हरियाणा के नांगल चौधरी इलाके से जयपुर की ओर जा रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वे रास्ते में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। कोटपूतली पुलिस की सतर्कता से उनके मंसूबे विफल हो गए। गहन पूछताछ के दौरान एक और महत्वपूर्ण खुलासा हुआ। गिरफ्तार आरोपियों में से दो बदमाश बुटेरी गांव में हुई फायरिंग की घटना में भी शामिल थे। पुलिस लंबे समय से इन आरोपियों की तलाश कर रही थी। एसपी सतवीर सिंह ने बताया- पुलिस मुख्यालय के सख्त निर्देश हैं कि अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर अपराधियों की धरपकड़ की जाए। यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। कोटपूतली थाना पुलिस पकड़े गए पांचों बदमाशों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।
