जिले के आबापुरा के वीरपुर गांव में गुरुवार शाम को बाइक चला रहे युवक को नींद की झपकी आने से एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे नदी में जा गिरी। जिससे 8 माह की गर्भवती और दो मासूम बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से सभी को नदी से बाहर निकालकर महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें निजी अस्पताल रेफर किया गया है। रिश्तेदारी से लौट रहा था जानकारी के मुताबिक छापरिया निवासी हुकमचंद अपने बेटे लोकेश, राहुल और अपनी भतीजी शिल्पा पत्नी जगदीश को बाइक पर बैठाकर वीरपुर से वापस अपने घर लौट रहे थे। गुरुवार शाम करीब 6 बजे जैसे ही उनकी बाइक वीरपुर के पास पहुंची, अचानक हुकमचंद को गाड़ी चलाते समय नींद का झोंका आ गया। पलक झपकते ही बाइक पर से उनका नियंत्रण खो गया और बाइक सीधे नदी में जा कूदी। ​चीख-पुकार सुन दौड़े ग्रामीण ​बाइक के नदी में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीण तुरंत नदी में उतरकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से सभी को तत्काल एमजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ​घायल शिल्पा ने बताया- वह 8 माह की गर्भवती है। हादसे में हुकमचंद, दोनों बच्चों और गर्भवती शिल्पा को शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं। एमजी अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार कर वार्ड में भर्ती कर लिया है।